
भुवनेश्वर। ओडिशा में दिवाली के दिन अलग-अलग जगहों पर दो लोगों की हत्या करने के मामले प्रकाश में आये हैं। जानकारी के अनुसार, पुरी में जहां एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई, वहीं दूसरी हत्या नयागढ़ जिले में की गई है। इसके अलावा एक व्यक्ति घायल हो गया।
पहली घटना में पुरी के चंदनपुर थाना क्षेत्र के थेंटापुर गांव में भार्गबी स्कूल के पास अज्ञात बदमाशों ने पटाखे फोड़ने के दौरान दो लोगों पर गोलियां चला दीं, जहां एक की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान शंकर बेहरा के रूप में हुई है, जबकि घायल की पहचान नीलू बेहरा के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती जांच से पता चलता है कि वारदात के पीछे पुरानी रंजिश है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दोषियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
इधऱ, नयागढ़ जिले के दासपल्ला थाना क्षेत्र के मध्यखंड गांव में हुई दूसरी घटना में पटाखे फोड़ने को लेकर दो गुटों में कहासुनी हो गयी। हालात उस समय और गंभीर हो गयी, जब एक गुट ने दूसरे पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिसमें एक की मौत हो गई।
मृतक की पहचान हिस्ट्रीशीटर विकास बेहरा के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ नयागढ़ और अन्य जिलों के विभिन्न पुलिस स्टेशनों में 15 से अधिक मामले लंबित थे।
सूत्रों के अनुसार, विकास अपने दोस्तों के साथ पटाखे फोड़ रहा था। उसी समय एक अन्य समूह के सदस्य पटाखे फोड़ने वालों के साथ कहासुनी करने लगे। कुछ ही समय में नौबत हमले तक पहुंच गयी। बाद में दूसरे गुट ने विकास पर चाकू से हमला कर दिया। खून से लथपथ उसे अस्पताल ले जाया गया। फिर नयागढ़ जिला मुख्यालय अस्पताल (डीएचएच) रेफर कर दिया गया। हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी। डीएचएच के डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
