भुवनेश्वर। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान (एम्स) भुवनेश्वर में कार्यरत एक डॉक्टर को मंगलवार को एक लड़की से शादी का झांसा देकर उसे धोखा देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
आरोपी डॉक्टर की पहचान जयदीप दासगुप्ता के रूप में बतायी गयी है। बताया गया है कि पीड़िता अपने पिता के इलाज के लिए अस्पताल गई थी। इस दौरान दोनों का संपर्क हुआ।
प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, पीड़िता के पिता को कार्डियोलॉजी विभाग में भर्ती कराया गया था, जहां जयदीप तैनात था। पीड़िता एक बैंक की कर्मचारी बताई जा रही है। आरोप है कि एम्स के डॉक्टर ने पीड़िता के पिता का इलाज करते हुए उसके साथ नजदीकियां बढ़ा ली थीं।
आरोपी डॉक्टर ने शुरू में इलाज और छुट्टी के संबंध में जानकारी साझा करने के बहाने उसका मोबाइल फोन नंबर लिया था। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि डॉक्टर और उसके बीच घनिष्ठता हो गई थी। पिछले दो वर्षों से उनके बीच संबंध थे। इस बीच पीड़िता को पता चला कि डॉक्टर दूसरी लड़की के साथ शादी करने की कोशिश कर रहा है, उसके बाद उनके रिश्ते में दरार आ गई। पीड़िता की शिकायत के आधार पर महिला थाना पुलिस ने आज डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
