भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी पर बने निम्न दवाब का क्षेत्र डिप्रेशन में तब्दील होने के बाद एक बार फिर कमजोर हो गया है। इसके प्रभाव में अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश के साथ-साथ समुद्र के अशांत होने और तेज गति से हवाल चलने की संभावना है।
डिप्रेशन अब दक्षिण छत्तीसगढ़ और इससे सटे दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश पर आज कमजोर होकर एक कम दबाव के क्षेत्र में बदल गया और दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश और पड़ोस में बना हुआ है। इसके अगले 48 घंटों के दौरान पूरे मध्य प्रदेश में इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है।
इसके प्रभाव में आज भी ओडिशा में बारिश हो रही है और अगले 24 घंटे के दौरान ओडिशा में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है। यह जानकारी सोमवार को भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दी।
समुद्र तट पर तेज बहेगी हवा
मौसम विभाग के अनुसार, आज उत्तरी आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों पर हवा की गति तेज है। इसकी गति 40-50 किमी प्रति घंटे की होने का अनुमान। इसके साथ ही झोकों की गति 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. 13 सितंबर को उत्तरी आंध्र प्रदेश से दूर तथा ओडिशा तट के पास यही स्थिति बनी रहने की संभावना है।
मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह
मौसम विभाग ने बताया कि मौसम के बदले मिजाज के कारण समुद्र के अशांत रहने की संभावना है। 13 सितंबर को उत्तरी आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटों पर समुद्र की स्थिति खराब से बहुत खराब होगी। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे अगले 24 घंटों के दौरान समुद्र में नहीं जायें।
18 को फिर चक्रवाती परिसंचरण बनने की संभावना
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आज 18 सितंबर के आसपास उत्तरी बंगाल की खाड़ी पर एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बनने की संभावना जताई है। हालांकि इसके आगे की गति और इसकी तीव्रता के बारे में कुछ भी नहीं बताया गया है। मौसम विभाग ने बताया इसके बारे में आगे बताया जायेगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
