-
ओडिशा में पांच दिनों तक भारी बारिश की संभावना
भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव के क्षेत्र के 24 घंटे के दौरान डिप्रेशन में तब्दील होने की संभावना है। इसके प्रभाव में ओडिशा में पांच दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है। यह जानकारी आज यहां भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय ने दी। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम मध्य और उससे सटे उत्तर आंध्र प्रदेश दक्षिण ओडिशा के तटों से सटे पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर कल का निम्न दबाव का क्षेत्र अब उसी क्षेत्र में एक अच्छी तरह से चिह्नित निम्न दबाव क्षेत्र के रूप में स्थित है। संबंधित चक्रवाती परिसंचरण मध्य-क्षोभमंडल स्तर तक फैला हुआ है। इसके अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण ओडिशा-उत्तर आंध्र प्रदेश के तटों से दूर उत्तर-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी पर डिप्रेशन के रूप में तब्दील होने की संभावना है।
इसके प्रभाव में अगले पांच दिनों के दौरान ओडिशा में गरज और चमक के साथ छिटपुट भारी वर्षा से लेकर काफी व्यापक या व्यापक वर्षा होने की संभावना है। इसके 11 सितंबर तक ओडिशा में अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी वर्षा होने की भी संभावना है।
24 घंटे के दौरान गजपति, गंजाम, कलाहांडी, कंधमाल, नवरंगपुर, रायगड़ा, बलांगीर, कोरापुट, बौध और नयागढ़ जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा (7 से 20 सेमी) होने की संभावना है। इसी तरह से नुआपड़ा, सोनपुर, ढेंकानाल, जाजपुर, भद्रक, केंद्रापड़ा, जगतसिंहपुर, खुर्दा, कटक, बालेश्वर, मयूरभंज, पुरी, केंदुझर, मालकानगिरि, बरगढ़, अनुगूल जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा (7 से 11 सेमी) होने की संभावना है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
