-
आम लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पडा
भुवनेश्वर। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को दिल्ली की एक संस्था द्वारा लाइफ टाइम एचिवमैंट सम्मान दिये जाने के बाद भुवनेश्वर में आज उनका भव्य स्वागगत किया गया। राज्य के विभिन्न हिस्सों से हजारों की संख्या में बीजद कार्यकर्ता व नेता भुवनेश्वर पहुंचने के कारण राजधानी की ट्रैफिक व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई। कमिश्नरेट पुलिस द्वारा ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रुप से संभालने के लिए किये गये वादे धरे के धरे रह गये। आम लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। भुवनेश्वर के अनेक चौकों पर भारी भीड़ देखी गई और लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे।
सबसे अधिक समस्या ऑफिस जाने वाले लोग व अपने बच्चों को स्कूल लेकर जाने वाले अभिभावकों को हुई। ये लोग जाम में घंटों फंसे रहे तथा अपने गंतव्य स्थानों में पहुंचने मे उन्हें भारी देरी हुई।
इसी तरह रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़ने वाले लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ट्रैफिक अधिक होने के कारण वाहनों को रोका जा रहा था। इस कारण रेल यात्रा करने वाले लोगों को पैदल सामान लेकर रेलवे स्टेशन की ओर आते देखा गया। हवाई अड्डे से यात्रा करने वाले लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कमिश्नरेट पुलिस ने सोमवार को ही विमान के निर्धारित समय से तीन घंटे पूर्व हवाई अड़्डे पहुंचने के लिए कहा गया था। इस कारण विमान में यात्रा करने वाले लोग काफी पहले ही हवाई अड्डा पहुंचने के लिए मजबूर थे। भुवनेश्वर हवाई अड्डे पर पहुंचने वालों की परेशानी सबसे अधिक थी। यहां उतरने के बाद अपने गंतव्य स्थानों के लिए जाने के लिए वहां से किसी प्रकार की परिवहन व्यवस्था नहीं थी। इस कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बीजू जनता दल के कार्यकर्ताओं की भीड़ के कारण एंबुलेंस भी फंसी रही। एंबुलेंस को भी रास्ता नहीं मिला और लगभग आधे घंटे तक एक एंबुलेंस जाम में फंसी रही।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
