-
निम्न दबाव का क्षेत्र डिप्रेशन में तब्दील
भुवनेश्वर। ओडिशा और आंध्र प्रदेश से सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी पर बना कम दबाव का क्षेत्र मंगलवार को डिप्रेशन में तब्दील हो गया है। इसके प्रभाव में ओडिशा के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। यह जानकारी भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के भुवनेश्वर स्थित केंद्र ने आज दी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान बरगढ़, संबलपुर, अनुगूल और केंदुझर जिलों में एक या दो स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा के साथ भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना जतायी है। मौसम विभाग ने चार जिलों बरगढ़, संबलपुर, अनुगूल और केंदुझर के लिए रेड वार्निंग जारी की है।
इसके अलावा सोनपुर, बलांगीर, बौध, देवगढ़, सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, ढेंकानाल, मयूरभंज, बालेश्वर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रापड़ा, कटक और जगतसिंहपुर जिलों में एक या दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है।
अगले 24 घंटों के दौरान पुरी, खुर्दा, नयागढ़, गंजाम, गजपति, नुआपड़ा, कलाहांडी, कंधमाल, नवरंगपुर, रायगड़ा, कोरापुट और मालकानगिरि जिलों में एक या दो स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।
भूस्खलन व भूधंसान की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, भारी बारिश के कारण संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन या भूधंसान हो सकती है। निचले इलाकों में अचानक बाढ़ और अस्थायी जल-जमाव की समस्या उत्पन्न हो सकती है। कृषि क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति हो सकती है। कम दृश्यता के कारण शहरी क्षेत्रों में यातायात बाधित हो सकता है। कच्ची सड़कों और कमजोर कच्चे घरों को कुछ नुकसान होने की संभावना है।
आईएमडी ने बाढ़ वाले कृषि क्षेत्रों से अतिरिक्त पानी की निकासी की व्यवस्था करने की सलाह दी है।
11 को तेज बहेगी हवा, समुद्र में नहीं जाने की सलाह
मौसम विभाग के अनुसार, 11 अगस्त तक ओडिशा तट के उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी तथा इसके झोंके की गति 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार की हो सकती है। मछुआरों को सलाह दी गई है कि वे 11 अगस्त तक बंगाल की खाड़ी में न जायें।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
