भुवनेश्वर. स्थानीय तेरापंथ भवन भुवनेश्वर में सकल जैन समाज की तरफ से विधायक राजेन्द्र कुमार ढोलकिया को ओडिशा राज्य के कैबिनेट मंत्री बनने पर स्वागत एवं अभिनन्दन किया गया. ढोलकिया ने बताया कि सेवा का संस्कार मुझे विरासत से मिला है. राजनीति में आना मेरा कतई उद्देश्य नहीं था. तीसरी बार विधायक और अब मंत्री बनने पर बताया कि समाज तथा स्थानीय जनता ने मेरे सेवा कार्य का अंकन किया तथा मुझसे जनप्रतिनिधि बनने का आग्रह किया. सेवा के द्वारा प्रशासन में शामिल हुआ तथा सेवा ही मेरे जीवन का लक्ष्य है.
जैन सिद्धांतों का पालन करते हुए सुचिता के साथ कार्य करता रहूंगा. उन्होंने मुख्यमंत्री नवीन पटनायक का आभार व्यक्त किया तथा कहा कि आपके सेवा कार्यों का अंकन हुआ है.
स्थानीय तेरापंथ समाज, साधुमार्गी समाज, जैन दिगम्बर समाज, मारवाड़ी सोसाइटी, माहेश्वरी समाज, परशुराम मित्र मंडल, मारवाड़ी युवा मंच, आपणो परिवार तथा तेरापंथ महिला मंडल एवं अखिल भारतीय श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी महासभा ने राजू भाई ढोलकिया का स्वागत, अभिनन्दन किया. सभी ने उनके यशस्वी जीवन के लिए मंगलकामनाएं की तथा सेवा के मिशन पर सदैव अपने को आगे रखें ऎसी भावनाएं व्यक्त की.
बहुत अच्छी संख्या में लोगों ने इस अभिनन्दन के कार्यक्रम में भाग लिया तथा सभी ने अपने मंत्री के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की.
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
