-
कोरोना संक्रमण के बाद गंभीर हालत में चेन्नई में चल रहा था इलाज
ब्रह्मपुर. चेन्नई के अपोलो अस्पताल में पिछले 141 दिनों से इलाजरत गंजाम जिले के ब्रह्मपुर निवासी अमृत प्रधान का निधन हो गया है. उन्होंने मंगलवार को अंतिम सांस ली.
जानकारी के अनुसार, 24 वर्षीय प्रधान का 23 अक्टूबर को अस्पताल में फेफड़े का प्रत्यारोपण हुआ था. इसके बाद उनकी हालत में सुधार हुआ था, लेकिन तीन दिन पहले अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें दिल का दौरा पड़ा. डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन उसकी मौत हो गई.
कोरोना संक्रमण के बात अमृत को दो मई को एम्स-भुवनेश्वर में भर्ती कराया गया था. इसके बाद 24 मई के आसपास उसके परिवार को बताया गया था कि रोगी को ईसीएमओ की सुविधा और फेफड़े के प्रत्यारोपण की आवश्यकता है. कोरोना संक्रमण के कारण अमृत के फेफड़ों का एक हिस्सा प्रभावित हुआ था. वह निमोनिया, सेप्टीसीमिया और प्रमुख फंगल संक्रमण से भी पीड़ित था.
इलाज के लिए कम से कम 1.2 करोड़ रुपये की जरूरत थी. सूत्रों ने बताया कि ईसीएमओ युक्त एयरलिफ्ट से ईसीएमओ और फेफड़े के प्रत्यारोपण की सुविधा के लिए अकेले 30 से 40 लाख रुपये की आवश्यकता होती है. उनके परिवार और दोस्तों ने अमृत के इलाज के लिए एक फंडराइज़र शुरू किया था और 1.27 करोड़ रुपये से अधिक जुटाने में सफल भी रहे.
उन्हें अंततः 3 जून को भुवनेश्वर से एक एयर एम्बुलेंस में चेन्नई स्थानांतरित कर दिया गया और अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन वहां मंगलवाल को उन्होंने अंतिम सांस ली.
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
