भुवनेश्वर. कमिश्नरेट पुलिस ने मंगलवार को भुवनेश्वर के बाहरी इलाके में नकली सीमेंट बनाने वाली एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. सूत्रों के अनुसार डुप्लीकेट सीमेंट निर्माण इकाई पात्रापड़ा क्षेत्र के भगवानपुर इंडस्ट्रियल एस्टेट स्थित एक गोदाम में 2002 से चल रही थी. कथित तौर पर फैक्ट्री को जितेन सिबानी नामक एक व्यक्ति चला रहा था. पुलिस ने यूनिट पर छापेमारी के बाद उसे हिरासत में लिया है. पुलिस ने कहा कि इकाई विभिन्न प्रतिष्ठित सीमेंट ब्रांडों के नाम पर स्टॉक पैक करने से पहले असली सीमेंट को संगमरमर की धूल और कृत्रिम रंगों के साथ मिलाया जाता था. नकली सीमेंट के साथ-साथ दीवार रंगने वाली पुट्टी और रंगों का भी उत्पादन किया है. पुलिस ने बताया कि एक खुफिया सूचना के आधार पर हमने कारखाने में छापा मारा और हजारों नकली सीमेंट बैग जब्त किया. एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि कारखाने के मालिक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है.
उन्होंने कहा कि फर्जी सीमेंट की खेप की पूरी आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू की जाएगी. इससे पहले फरवरी में कमिश्नरेट पुलिस ने कटक के बाहरी इलाके जगतपुर इलाके में एक और नकली सीमेंट फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था.
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal

