-
अब होगा श्रीश्री जगन्नाथ मंदिर
-
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पत्र लिखकर मोहन चरण माझी को दी जानकारी
-
ओडिशा के मुख्यमंत्री के आग्रह पर बदला गया परिसर और मंदिर का नाम
भुवनेश्वर। पश्चिम बंगाल के दीघा स्थित जगन्नाथ मंदिर के नाम से धाम शब्द हटा दिया गया है। अब मंदिर का नाम श्रीश्री जगन्नाथ मंदिर होगा, जबकि पूरे परिसर को श्रीश्री जगन्नाथ सांस्कृतिक केंद्र के नाम से जाना जाएगा। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को पत्र लिखकर इस फैसले की जानकारी दी है।
पत्र में शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि दीघा के जगन्नाथ मंदिर परिसर के नामकरण को लेकर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की ओर से भेजे गए पत्र और उसमें व्यक्त चिंताओं पर विचार किया गया है। उन्होंने महाप्रभु श्री जगन्नाथ तथा पुरी स्थित पवित्र श्री जगन्नाथ धाम के धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व के प्रति ओडिशा के मुख्यमंत्री की भावनाओं की सराहना की।
उन्होंने बताया कि मोहन माझी के आग्रह और उससे जुड़ी भावनाओं को ध्यान में रखते हुए दीघा के पूरे परिसर का नाम बदलकर ‘श्रीश्री जगन्नाथ सांस्कृतिक केंद्र’ तथा परिसर के भीतर स्थित मंदिर का नाम ‘श्रीश्री जगन्नाथ मंदिर’ कर दिया गया है। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि नया नाम मंदिर की धार्मिक पवित्रता के साथ-साथ पूरे परिसर के व्यापक सांस्कृतिक स्वरूप को भी दर्शाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस निर्णय का श्रद्धालु स्वागत करेंगे और इससे पश्चिम बंगाल तथा ओडिशा के लोगों के बीच लंबे समय से चले आ रहे सांस्कृतिक संबंध, आपसी सम्मान और सद्भाव और मजबूत होंगे।
मोहन चरण माझी ने जताया आभार
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने दीघा स्थित जगन्नाथ मंदिर परिसर के नाम से ‘धाम’ शब्द हटाने के निर्णय पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री और वहां की सरकार के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पर जारी संदेश में माझी ने कहा कि इस संवेदनशील विषय पर त्वरित कार्रवाई कर पश्चिम बंगाल सरकार ने महाप्रभु श्रीजगन्नाथ के करोड़ों भक्तों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि पुरी का श्रीक्षेत्र विशिष्ट धार्मिक एवं आध्यात्मिक पहचान रखता है और इस निर्णय से उसकी महत्ता और विशिष्टता का सम्मान सुनिश्चित हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडिशा और पश्चिम बंगाल की भाजपा नेतृत्व वाली सरकारों की साझा प्रतिबद्धता एवं रचनात्मक सहयोग से इस विषय का सकारात्मक समाधान संभव हुआ है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
