Home / Odisha / धान बेचने के लिए एग्रीस्टैक आईडी अनिवार्य नहीं
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

धान बेचने के लिए एग्रीस्टैक आईडी अनिवार्य नहीं

  •     विपक्ष के आरोप भ्रामक : इरासिस आचार्य

  •     भाजपा विधायक ने कहा- एग्रीटेक पंजीकरण और धान खरीद की प्रक्रिया अलग-अलग

  •     भाजपा सरकार में पंजीकृत किसानों की संख्या 14.93 लाख से बढ़कर 22.27 लाख हुई

भुवनेश्वर। ओडिशा में धान खरीद के लिए एग्रीस्टैक किसान आईडी की अनिवार्यता को लेकर उठे विवाद पर भाजपा विधायक इरासिस आचार्य ने विपक्ष के आरोपों को निराधार और भ्रामक बताया है। बरगढ़ जिले के भटली विधानसभा क्षेत्र के विधायक आचार्य ने स्पष्ट किया कि राज्य में धान बेचने के लिए एग्रीटेक पंजीकरण अनिवार्य नहीं है। एग्रीटेक पंजीकरण और धान बिक्री की प्रक्रिया पूरी तरह अलग-अलग हैं।

भुवनेश्वर में इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पहले ही इस संबंध में नीतिगत निर्णय स्पष्ट कर चुकी है। विपक्षी नेता गलत जानकारी देकर किसानों के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।

कैबिनेट बैठक में सरकार ने स्थिति की थी स्पष्ट

इरासिस आचार्य ने बताया कि मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की अध्यक्षता में 12 अगस्त को हुई राज्य मंत्रिमंडल की 46वीं बैठक में इस संबंध में स्पष्ट किया गया था कि एग्रीटेक पंजीकरण का धान खरीद स्वचालित प्रणाली (पी-पास) के तहत होने वाले किसान पंजीकरण से कोई सीधा संबंध नहीं है।

उन्होंने कहा कि एग्रीटेक किसान आईडी नहीं होने के कारण किसी भी पात्र किसान को धान बेचने के अधिकार से वंचित नहीं किया जाएगा। दोनों प्रक्रियाओं को अलग-अलग समझने की आवश्यकता है।

विपक्ष किसानों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा : आचार्य

भाजपा विधायक ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि किसानों को भ्रमित करने के लिए निरर्थक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गलत तथ्यों को प्रस्तुत करना उचित नहीं है और जनता को गुमराह करने वालों को ओडिशा के लोग माफ नहीं करेंगे।

भाजपा सरकार में धान खरीद और किसान पंजीकरण में वृद्धि का दावा

आचार्य ने भाजपा सरकार के कार्यकाल में कृषि क्षेत्र में हुई प्रगति का दावा करते हुए बताया कि मार्च 2024 तक राज्य में पंजीकृत धान किसानों की संख्या 14.93 लाख थी, जो अब बढ़कर 22.27 लाख हो गई है। इसी तरह खेती का क्षेत्रफल 55.48 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 64.95 लाख हेक्टेयर और सरकारी स्तर पर धान की खरीद 70.88 लाख मीट्रिक टन से बढ़कर 97.94 लाख मीट्रिक टन हो गई है। उन्होंने कहा कि ये आंकड़े राज्य में किसानों की बढ़ती भागीदारी और कृषि क्षेत्र में हो रहे विस्तार को दर्शाते हैं।

कृषि और किसान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

इरासिस आचार्य ने कहा कि किसान ओडिशा की अर्थव्यवस्था के महत्वपूर्ण भागीदार हैं। सरकार कृषि क्षेत्र की चुनौतियों का समाधान करने और किसानों के हितों की रक्षा के लिए उनके साथ मजबूती से खड़ी है।

उन्होंने कहा कि विकसित ओडिशा के निर्माण में कृषि और किसान सर्वोच्च प्राथमिकता बने रहेंगे, क्योंकि राज्य की आर्थिक मजबूती का आधार कृषि क्षेत्र ही है।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

आंगनबाड़ी कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल तीसरे दिन भी जारी

    विधानसभा में गूंजा मानदेय बढ़ाने का मुद्दा     भुवनेश्वर के लोअर पीएमजी …