Home / Odisha / आंगनबाड़ी कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल तीसरे दिन भी जारी
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

आंगनबाड़ी कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल तीसरे दिन भी जारी

  •     विधानसभा में गूंजा मानदेय बढ़ाने का मुद्दा

  •     भुवनेश्वर के लोअर पीएमजी और गांधी मार्ग पर हजारों कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं का धरना

  •     25 हजार रुपये मानदेय के पुराने वादे को पूरा करने की मांग

  •     भाजपा और बीजद विधायकों ने भी सरकार से की हस्तक्षेप की अपील

भुवनेश्वर। ओडिशा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का अनिश्चितकालीन आंदोलन तीसरे दिन भी जारी रहा। राज्यभर से पहुंचीं हजारों महिला कर्मचारियों ने भुवनेश्वर के लोअर पीएमजी और गांधी मार्ग पर धरना जारी रखा है। कड़ाके की ठंड के बावजूद प्रदर्शनकारी अपनी सात सूत्रीय मांगों को पूरा किए जाने तक आंदोलन समाप्त करने को तैयार नहीं हैं। इस आंदोलन का मुद्दा बुधवार को विधानसभा में भी उठा, जहां सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी बीजद के विधायकों ने शून्यकाल के दौरान सरकार का ध्यान आकर्षित किया।

चुनावी वादे के अनुसार मानदेय देने की मांग

बीजद विधायक ध्रुव चरण साहू ने सरकार पर चुनाव से पहले किए गए वादे को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री प्रभाती परिडा ने बार-बार आश्वासन दिया था कि भाजपा की सरकार बनने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मासिक मानदेय बढ़ाकर 25 हजार रुपये किया जाएगा। लेकिन ढाई साल से अधिक समय बीतने के बावजूद यह वादा पूरा नहीं हुआ है।

उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री फिलहाल विदेश दौरे पर हैं और ऐसे समय में आंगनबाड़ी कर्मचारियों के आंदोलन को अपेक्षित गंभीरता नहीं मिल रही है। विधायक ने पोषण योजना के तहत लंबित राशि तत्काल जारी करने, वेतन एवं भत्तों में संशोधन करने और आंगनबाड़ी कर्मचारियों को श्रमिक का दर्जा देने की मांग की।

भाजपा विधायक ने भी मानदेय बढ़ाने की अपील की

सत्तारूढ़ भाजपा के विधायक भास्कर मढ़ेई ने भी आंदोलनरत कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के साथ सरकार को बातचीत करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में दिया जा रहा मानदेय पर्याप्त नहीं है। सरकार को बिना देरी किए उनके पारिश्रमिक में वृद्धि के लिए कदम उठाना चाहिए।

30 हजार और सहायिकाओं को मिले 15 हजार रुपये

आंगनबाड़ी कर्मचारियों का कहना है कि रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि के कारण मौजूदा मानदेय में परिवार चलाना और आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन करना मुश्किल हो गया है। उनकी प्रमुख मांगों में सरकारी कर्मचारी का दर्जा, कार्यकर्ताओं को 30 हजार रुपये और सहायिकाओं को 15 हजार रुपये मासिक वेतन देना शामिल है।

इसके अलावा वे ग्रेच्युटी, सेवानिवृत्ति लाभ और अन्य सेवा सुरक्षा सुविधाएं भी चाहती हैं। कर्मचारियों की मांग है कि उन्हें औपचारिक रूप से श्रमिक का दर्जा दिया जाए। उनका तर्क है कि राज्य में कुशल श्रमिकों के लिए निर्धारित 630 रुपये प्रतिदिन की न्यूनतम मजदूरी के आधार पर उन्हें 18 हजार रुपये से अधिक मासिक भुगतान मिल सकता है।

केंद्र और राज्य सरकार के बीच समन्वय की मांग

आंगनबाड़ी योजना में केंद्र सरकार की 60 प्रतिशत और राज्य सरकार की 40 प्रतिशत हिस्सेदारी है। इसको देखते हुए विधानसभा में विधायकों ने अध्यक्ष के माध्यम से केंद्र सरकार के समक्ष भी कर्मचारियों की मांगें उठाने की आवश्यकता जताई।

बाल पोषण सेवाओं पर असर की आशंका

भुवनेश्वर के अलावा राज्य के कई जिलों में भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की ओर से प्रदर्शन और धरना दिया जा रहा है। आंगनबाड़ी कर्मचारी बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य देखभाल और पूर्व-प्राथमिक शिक्षा जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं में अहम भूमिका निभाती हैं।

ऐसे में आंदोलन के लगातार जारी रहने से राज्य की बाल विकास और पोषण संबंधी योजनाओं के संचालन को लेकर चिंता बढ़ रही है। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों और विधानसभा में उनकी मांगों का समर्थन करने वाले विधायकों ने सरकार से पूर्व में किए गए आश्वासनों को पूरा करने, बेहतर मानदेय देने और सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शीघ्र निर्णय लेने की अपील की है।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

बाल मजदूरी और बाल भिक्षावृत्ति के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान शुरू

    नगर निगमों, नगरपालिकाओं और अधिसूचित क्षेत्र परिषदों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश   …