भुवनेश्वर । ओडिशा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन गुरुवार को भी सदन में भारी हंगामा देखने को मिला। प्रश्नकाल शुरू होते ही विपक्षी सदस्यों ने नारेबाजी और प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके चलते सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल सकी। स्थिति को नियंत्रित करने में असफल रहने पर विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने सदन की कार्यवाही अपराह्न 4 बजे तक स्थगित कर दी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, गुरुवार सुबह 10.30 बजे सदन की कार्यवाही शुरू हुई। विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने प्रश्नकाल की कार्यवाही प्रारंभ करनी चाही, लेकिन इसके तुरंत बाद बीजद और कांग्रेस के विधायकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। बैनर और तख्तियां लेकर विपक्षी सदस्य सदन के बीचोंबीच पहुंच गए और अपने-अपने मुद्दों पर चर्चा कराने की मांग करने लगे।
बीजद विधायकों ने राज्य सरकार पर बाढ़ प्रबंधन में विफल रहने का आरोप लगाते हुए बाढ़ की स्थिति पर सदन में तत्काल चर्चा कराने की मांग की। वहीं, कांग्रेस विधायकों ने कोटिया मुद्दे को लेकर सदन के भीतर विरोध प्रदर्शन किया।
सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चलाने के लिए विधानसभा अध्यक्ष ने विपक्षी सदस्यों से सहयोग करने की अपील की। हालांकि, उनके आग्रह का कोई असर नहीं हुआ। बीजद और कांग्रेस के विधायक अपनी-अपनी मांगों पर अड़े रहे और लगातार नारेबाजी करते रहे।
विपक्षी सदस्यों का हंगामा जारी रहने और सदन में व्यवस्था बहाल नहीं होने के कारण अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने कार्यवाही अपराह्न 4 बजे तक स्थगित करने की घोषणा की।
इस तरह शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन भी सदन में प्रश्नकाल और शून्यकाल की कार्यवाही नहीं हो सकी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
