Home / Odisha / चक्रवात: तीन दिनों के लिए पर्याप्त पेयजल, सूखा भोजन, जरूरी दवाइयां और महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित रखने की अपील

चक्रवात: तीन दिनों के लिए पर्याप्त पेयजल, सूखा भोजन, जरूरी दवाइयां और महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित रखने की अपील

  •  गंजाम में 1.21 लाख से अधिक लोगों की होगी निकासी

  •  राहत एवं बचाव कार्य, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल आपूर्ति और जलनिकासी की व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क

  •  लोगों को सुरक्षित आश्रय स्थलों में पहुंचाने का काम शुरू

  •  1,139 राहत केंद्र तैयार; 12 ओड्राफ, तीन एनडीआरएफ और 24 अग्निशमन दल तैनात

ब्रह्मपुर। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय संभावित अति भीषण चक्रवात ‘अकवान’ के खतरे को देखते हुए ओडिशा के गंजाम जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। संभावित प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, राहत एवं बचाव कार्य, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल आपूर्ति और जलनिकासी की व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिले में 1,21,597 लोगों की संभावित निकासी के लिए पहचान की गई है, जबकि 1,139 सुरक्षित आश्रय स्थलों को तैयार रखा गया है। मंगलवार शाम तक 64 आश्रय स्थलों में 2,730 लोगों को पहुंचाया जा चुका था। निकासी अभियान लगातार जारी है।
जिला कलेक्टर वी कीर्ति वासन ने मंगलवार शाम मीडिया को प्रशासनिक तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 19 नवंबर और 20 नवंबर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। इस दौरान अतिरिक्त जिलाधिकारी देबदत्त पंडा और जिला परिषद के मुख्य विकास अधिकारी समीर कुमार जेना भी उपस्थित थे।
भूस्खलन संभावित इलाकों पर विशेष निगरानी
प्रशासन ने जिले के संवेदनशील और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों की पहचान की है। धराकोट, भंजनगर, आसिका और पात्रपुर जैसे इलाकों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्थानीय अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए। कलेक्टर ने लोगों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करने की अपील की है।
12 ओड्राफ, तीन एनडीआरएफ और 24 अग्निशमन दल तैनात
आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए जिले में 12 ओड्राफ टीम, तीन एनडीआरएफ इकाइयां और 24 अग्निशमन सेवा दल तैनात किए जा रहे हैं। इसके अलावा 13 चिकित्सा त्वरित प्रतिक्रिया दल और 23 पशु चिकित्सा त्वरित प्रतिक्रिया दल लगातार काम कर रहे हैं। राहत केंद्रों में सूखा राशन, पेयजल और अन्य आवश्यक सामग्री का पर्याप्त भंडार रखा गया है। जरूरत पड़ने पर लोगों को पका हुआ भोजन भी उपलब्ध कराया जाएगा।
711 हाई रिस्क गर्भवती महिलाएं सुरक्षित स्थानों पर पहुंचीं
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। अगले 15 दिनों में प्रसव की संभावित तिथि वाली 1,777 गर्भवती महिलाओं की पहचान की गई है। इनमें 711 उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं को मां गृह और अस्पतालों में स्थानांतरित किया गया है। जिले में अब तक 102 सुरक्षित प्रसव हो चुके हैं। पशुधन की सुरक्षा के लिए प्रखंड स्तर पर भी त्वरित प्रतिक्रिया दल सक्रिय किए गए हैं।
ब्रह्मपुर में जलनिकासी के लिए विशेष व्यवस्था
ब्रह्मपुर नगर निगम ने शहर के लगभग सभी वार्डों में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए विशेष टीमें तैनात की हैं। नालों और जलनिकासी मार्गों की सफाई का काम जारी है। आवश्यकता पड़ने पर नगर निगम की ओर से निःशुल्क पका हुआ भोजन भी उपलब्ध कराया जाएगा। आरडब्ल्यूएसएस, वाटको और संबंधित विभागों को पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
नदियों और जलाशयों पर चौबीसों घंटे नजर
जल संसाधन विभाग जिले की प्रमुख नदियों, जलाशयों और बांधों के जलस्तर की लगातार निगरानी कर रहा है। प्रशासन के अनुसार, फिलहाल सभी नदियां खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं। जलाशयों से आवश्यक मात्रा में पानी छोड़ा गया है और उनकी भंडारण क्षमता का लगभग 60 प्रतिशत या उससे थोड़ा अधिक पानी सुरक्षित रखा गया है। परिस्थिति के अनुसार आगे भी पानी छोड़ा जा सकता है।
20 नवंबर तक समुद्र में मछली पकड़ने पर रोक
समुद्री सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 20 नवंबर तक समुद्र में मछली पकड़ने पर प्रतिबंध लगाया गया है। प्रशासन के अनुसार, सभी मछुआरे समुद्र से तट पर लौट चुके हैं। जिले में कुल 1,578 पंजीकृत नौकाओं की पहचान की गई है। पुलिस, मत्स्य विभाग और तहसील प्रशासन की टीमें तटीय इलाकों में लगातार गश्त कर रही हैं। गोपालपुर और सुनापुर सहित जिले के सभी समुद्र तटों तथा पर्यटन स्थलों को 18 से 20 नवंबर तक पर्यटकों के लिए बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
तीन दिनों का खाद्य सामग्री और पानी रखने की अपील
जिले में अब तक बारिश नहीं हुई है, लेकिन पड़ोसी गजपति और कंधमाल जिलों में वर्षा की स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने 260 क्विंटल से अधिक चूड़ा, पर्याप्त मात्रा में गुड़ और 2.10 लाख से अधिक पानी की बोतलों का भंडार तैयार किया है। इन सामग्रियों को राहत केंद्रों और जरूरतमंद क्षेत्रों में पहुंचाया जा रहा है।
कलेक्टर ने लोगों से अगले तीन दिनों के लिए पर्याप्त पेयजल, सूखा भोजन, जरूरी दवाइयां और महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित रखने की अपील की है। स्कूलों और कॉलेजों को बंद करने का निर्णय मौसम की स्थिति के आधार पर लिया जाएगा।
चौबीसों घंटे नियंत्रण कक्ष संचालित
जिले के सभी प्रखंड, तहसील और शहरी निकाय कार्यालयों में चौबीसों घंटे नियंत्रण कक्ष संचालित किए जा रहे हैं। जिला आपातकालीन संचालन केंद्र का हेल्पलाइन नंबर 06811-263978 जारी किया गया है। कलेक्टर ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है।
Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

चक्रवात अकवान को लेकर ओडिशा में हाई अलर्ट

 2 लाख से अधिक लोगों की निकासी की तैयारी  87 संवेदनशील ब्लॉक और 1,902 जोखिम …