-
संवेदनशील नदी घाटियों, तटबंधों और जल संसाधन ढांचे की निरंतर निगरानी पर जोर; आम लोगों से मिलने वाली सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
भुवनेश्वर, बदलती मौसम परिस्थितियों को देखते हुए ओडिशा सरकार ने संभावित बाढ़ से निपटने की तैयारियां तेज कर दी हैं। जल संसाधन विभाग की प्रमुख शासन सचिव शुभा शर्मा ने राज्यभर में 24 घंटे सतर्कता, रात्रिकालीन गश्त और संवेदनशील क्षेत्रों की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
इस संबंध में बुधवार को शुभा शर्मा की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें विभाग के इंजीनियर-इन-चीफ इंजीनियर दिलीप कुमार राउत, योजना एवं डिजाइन तथा योजना एवं निगरानी से जुड़े वरिष्ठ अभियंताओं के अलावा सभी मुख्य अभियंता और बेसिन मैनेजर शामिल हुए।
बैठक में प्रमुख शासन सचिव ने संवेदनशील नदी घाटियों, तटबंधों और महत्वपूर्ण जल संसाधन ढांचे पर चौबीसों घंटे निगरानी रखने तथा रात में गश्त व्यवस्था को और मजबूत करने का निर्देश दिया। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त अधिकारियों की तैनाती कर लगातार निगरानी और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी माध्यम से मिलने वाले फोन कॉल, चेतावनी और सूचना को गंभीरता से लिया जाए तथा उस पर तुरंत आवश्यक कार्रवाई की जाए। आम लोगों और क्षेत्रीय कर्मचारियों से मिलने वाली सूचनाओं की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।
पूर्व के अनुभवों के आधार पर एहतियाती कदम
बैठक में पिछले वर्षों के बाढ़ अनुभवों से सबक लेते हुए पहले से चिह्नित संवेदनशील स्थानों की दोबारा समीक्षा करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को पूर्व में सामने आई समस्याओं और चुनौतियों का आकलन कर आवश्यक सुधारात्मक एवं एहतियाती कदम उठाने का निर्देश दिया गया।
इसके साथ ही वर्षा, ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों से आने वाले पानी और नदियों के जलस्तर से संबंधित सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के लिए जिला प्रशासन तथा पड़ोसी राज्यों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा गया।
इससे जलाशयों के प्रबंधन और निचले नदी क्षेत्रों में संभावित बाढ़ के खतरे को कम करने के लिए समय रहते उचित निर्णय लेने में मदद मिलेगी।
समन्वय और जवाबदेही पर जोर
शुभा शर्मा ने कहा कि बाढ़ प्रबंधन की तैयारी केवल योजनाओं तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि निरंतर सतर्कता, प्रभावी संचार और त्वरित कार्रवाई के रूप में जमीन पर दिखाई देनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय और जवाबदेही के साथ काम करने का निर्देश देते हुए कहा कि लोगों की जान बचाना, महत्वपूर्ण जल संसाधन ढांचे की सुरक्षा करना और संभावित बाढ़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जल संसाधन विभाग ने कहा है कि संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए सभी स्तरों पर समन्वित निगरानी और एहतियाती कार्रवाई जारी रहेगी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
