भुवनेश्वर।ओडिशा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले ही दिन बुधवार को विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही बाधित रही। हंगामे के चलते निर्धारित प्रश्नकाल और शून्यकाल की कार्यवाही नहीं हो सकी। स्थिति को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने सदन की कार्यवाही अपराह्न 4 बजे तक स्थगित कर दी।
सदन की कार्यवाही शुरू होने के बाद सबसे पहले शोक प्रस्ताव पारित किया गया। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने प्रश्नकाल शुरू करने की घोषणा की और खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण मंत्री कृष्ण चंद्र पात्र को प्रश्नों का उत्तर देने के लिए आमंत्रित किया।
हालांकि, प्रश्नकाल शुरू होते ही विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) और कांग्रेस के विधायक सदन के बीचोंबीच पहुंच गए और नारेबाजी करने लगे। कांग्रेस विधायकों ने कोटिया विवाद को लेकर राज्य सरकार को घेरने का प्रयास किया, जबकि बीजद सदस्यों ने बाढ़ प्रबंधन में राज्य सरकार की विफलता का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान कांग्रेस विधायक तारा प्रसाद बाहिनीपति सचिव की मेज पर चढ़कर नारेबाजी करते नजर आए। दोनों विपक्षी दलों के विधायकों के हाथों में विभिन्न मांगों और मुद्दों से संबंधित तख्तियां थीं।
विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने हंगामा कर रहे सदस्यों से सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चलाने में सहयोग करने की बार-बार अपील की। हालांकि, उनकी अपील का विपक्षी सदस्यों पर कोई असर नहीं हुआ। अंततः सदन में जारी गतिरोध को देखते हुए अध्यक्ष ने कार्यवाही अपराह्न 4 बजे तक स्थगित करने की घोषणा कर दी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
