Home / Odisha / 20 नवंबर को अति भीषण चक्रवात के रूप में ‘अकवान’ करेगा लैंडफॉल 

20 नवंबर को अति भीषण चक्रवात के रूप में ‘अकवान’ करेगा लैंडफॉल 

  •  100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

  •  120 किलोमीटर तक पहुंच सकते हैं झोंके

  •  ओडिशा के दक्षिणी तटीय इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट

भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ तेजी से शक्तिशाली होता जा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा बुलेटिन के अनुसार, 20 नवंबर को यह अति भीषण चक्रवाती तूफान के रूप में आंध्र प्रदेश और यनम के तट से टकरा सकता है। इस दौरान तूफान की अधिकतम निरंतर हवा की गति 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की आशंका है, जबकि हवा के झोंकों की रफ्तार 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, 18 नवंबर को चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ दक्षिणी और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर केंद्रित था। यह पिछले छह घंटों के दौरान मात्र तीन किलोमीटर प्रति घंटे की धीमी गति से उत्तर की ओर बढ़ा। उस समय तूफान का केंद्र 12.6 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 85.6 डिग्री पूर्वी देशांतर के पास स्थित था।
19 नवंबर की शाम तक अति भीषण चक्रवात बनने की आशंका
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, तूफान के 18 नवंबर की सुबह तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है। इसके बाद यह उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा और 19 नवंबर की शाम तक अति भीषण चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है।
नेल्लोर और विशाखापट्टनम के बीच करेगा लैंडफॉल
आईएमडी के अनुसार, अकवान लगातार उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 20 नवंबर को दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश और यानम के तट को नेल्लोर तथा विशाखापट्टनम के बीच पार कर सकता है। इस दौरान इसकी अधिकतम निरंतर हवा की गति 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे तथा झोंकों की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है।
दक्षिण ओडिशा के तटीय इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट
चक्रवात के संभावित मार्ग और इसके प्रभाव को देखते हुए मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश तथा उससे सटे दक्षिण ओडिशा के तटीय इलाकों के लिए ऑरेंज संदेश जारी किया है। तूफान की दिशा, गति और तीव्रता पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसके प्रभाव से दक्षिण ओडिशा के तटीय जिलों में मौसम की स्थिति बदलने की आशंका है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियों को मौसम विभाग के आगामी बुलेटिन पर नजर रखने की आवश्यकता है।
Share this news

About desk

Check Also

चक्रवात: तीन दिनों के लिए पर्याप्त पेयजल, सूखा भोजन, जरूरी दवाइयां और महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित रखने की अपील

 गंजाम में 1.21 लाख से अधिक लोगों की होगी निकासी  राहत एवं बचाव कार्य, स्वास्थ्य …