Home / Odisha / चक्रवात को मालकानगिरि में 19 और 20 नवंबर को स्कूल-कॉलेज बंद
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

चक्रवात को मालकानगिरि में 19 और 20 नवंबर को स्कूल-कॉलेज बंद

  •  आंगनबाड़ी केंद्रों में भी दो दिन अवकाश

  •  शिक्षकों और कर्मचारियों को नियमित रूप से उपस्थित रहने का निर्देश

मालकानगिरि। बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे संभावित चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ और उससे उत्पन्न होने वाली प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों को देखते हुए मालकानगिरि जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा अन्य शैक्षणिक संस्थानों के साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को 19 और 20 नवंबर को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
जिलाधिकारी एवं जिला दंडाधिकारी की ओर से जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, संभावित चक्रवात के प्रभाव से जिले के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश, तेज हवाओं और जलभराव की आशंका है। ऐसी परिस्थितियों में बच्चों और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शैक्षणिक गतिविधियां दो दिनों तक स्थगित रखने का निर्णय लिया गया है।
हालांकि, विद्यालयों और महाविद्यालयों के शिक्षकों एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों को नियमित रूप से अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है। इसी तरह आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी ड्यूटी पर बने रहना होगा। प्रशासन के अनुसार, आवश्यकता पड़ने पर इन कर्मचारियों की सेवाएं राहत, बचाव, पुनर्वास और आपातकालीन कार्यों में ली जा सकती हैं।
जिला प्रशासन ने जिला शिक्षा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, प्रखंड विकास अधिकारियों, तहसीलदारों और संबंधित विभागों को आदेश की प्रति भेजकर तत्काल अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है। प्रशासन ने आम लोगों से सतर्क रहने और मौसम विभाग तथा आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए जिले में एहतियाती तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
Share this news

About desk

Check Also

नशामुक्त ओडिशा सरकार का संकल्प, स्कूल-कॉलेजों में शुरू होंगे विशेष जागरूकता मॉड्यूल : मुख्यमंत्री 

 उमंग युवा महोत्सव में मुख्यमंत्री ने की घोषणा  नशे के शुरुआती लक्षणों की पहचान के …