-
2 लाख से अधिक लोगों की निकासी की तैयारी
-
87 संवेदनशील ब्लॉक और 1,902 जोखिम वाले स्थान चिह्नित
-
74 ओड्राफ-एनडीआरएफ टीमें तैनात होंगी
-
गंजाम को 5 करोड़ रुपये की अग्रिम सहायता
भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के संभावित खतरे को देखते हुए ओडिशा सरकार ने पूरे राज्य में आपदा प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य सरकार ने आठ जिलों में 2,04,070 लोगों को संभावित रूप से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की योजना तैयार की है। इसके लिए 87 संवेदनशील ब्लॉक और 1,902 जोखिम वाले स्थानों की पहचान की गई है। चक्रवात से निपटने के लिए 60 ओड्राफ और 14 एनडीआरएफ की कुल 74 विशेष टीमें तैयार रखी गई हैं। राज्य सरकार ने शून्य जनहानि को अपना प्राथमिक लक्ष्य निर्धारित किया है।
विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) कार्यालय की ओर से यह जानकारी दी गई है।
कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
चक्रवात के प्रभाव से ओडिशा के विभिन्न जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए गंजाम, गजपति, पुरी तथा आसपास के जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
वहीं, 19 और 20 नवंबर के लिए केंद्रापड़ा, जगतसिंहपुर, गजपति, गंजाम और पुरी में भारी से अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 20 और 21 नवंबर को रायगड़ा, कोरापुट, मालकानगिरि, गजपति और गंजाम में तथा 21 और 22 नवंबर को सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, बरगढ़, नुआपड़ा, नवरंगपुर और कोरापुट में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
गंजाम में सर्वाधिक लोगों की निकासी की योजना
राज्य सरकार ने आठ जिलों में कुल 2,04,070 लोगों को संभावित रूप से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की योजना बनाई है। इनमें गंजाम जिले में सर्वाधिक 1,21,597 लोगों की पहचान की गई है। इसके अलावा गजपति में 25 हजार, पुरी में 24,076, कंधमाल में 10,240 और मालकानगिरि में 10 हजार लोगों को संभावित रूप से स्थानांतरित करने की योजना है।
17 नवंबर तक कंधमाल जिले में 262 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका था। आठ जिलों में कुल 3,329 चक्रवात आश्रय स्थलों की पहचान की गई है। इनमें गंजाम में 1,139, पुरी में 549, गजपति में 518 और कोरापुट में 513 आश्रय स्थल शामिल हैं। प्रशासन को इन केंद्रों में भोजन, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, रोशनी, चिकित्सा सुविधा और वैकल्पिक बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
2,573 गर्भवती महिलाओं की पहचान
संभावित प्रभावित आठ जिलों में 2,573 गर्भवती महिलाओं की पहचान की गई है, जिनमें से मंगलवार तक 92 को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जा चुका है। प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि निकासी और राहत केंद्रों में गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों, दिव्यांगों तथा समुद्र तटीय, निचले, बाढ़ और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को प्राथमिकता दी जाए।
74 विशेष बचाव दल होंगे तैनात
चक्रवात से निपटने के लिए 60 ओड्राफ और 14 एनडीआरएफ की कुल 74 विशेष टीमें तैयार की गई हैं। इनमें 42 ओडीआरएएफ और 11 एनडीआरएफ टीमें विभिन्न जिलों में तैनात करने की योजना है, जबकि 18 ओड्राफ और तीन एनडीआरएफ टीमों को रिजर्व में रखा गया है।
गंजाम में सर्वाधिक 15 टीमें, जिनमें 12 ओड्राफ और तीन एनडीआरएफ शामिल हैं, तैनात की जाएंगी। गजपति में सात टीमें, जिनमें छह ओड्राफ और एक एनडीआरएफ टीम शामिल है, रखी जाएंगी। इसके अलावा कंधमाल, रायगड़ा, कोरापुट, मालकानगिरि, नवरंगपुर, पुरी, बालेश्वर और जगतसिंहपुर में भी बचाव दलों की तैनाती की योजना है।
गंजाम को 5 करोड़, गजपति को 1 करोड़ की सहायता
संभावित राहत शिविरों, बचाव और तत्काल तैयारियों के लिए विशेष राहत आयुक्त कार्यालय ने राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (एसडीआरएफ) से 6.50 करोड़ रुपये की अग्रिम सहायता जारी की है। इसमें गंजाम को पांच करोड़ रुपये, गजपति को एक करोड़ रुपये और मालकानगिरि को 50 लाख रुपये दिए गए हैं।
नदियों, बांधों और तटबंधों पर विशेष निगरानी
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री की अध्यक्षता में राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (एसईओसी) में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई थी। इसमें मुख्य सचिव, विशेष राहत आयुक्त और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों तथा जिला कलेक्टरों ने हिस्सा लिया था। बैठक में शून्य जनहानि सुनिश्चित करने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई।
संवेदनशील तटबंधों की लगातार निगरानी करने का निर्देश
जल संसाधन विभाग को जलाशयों, नदियों और संवेदनशील तटबंधों की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया गया है। निर्माण विभाग और ग्रामीण विकास विभाग को सड़कों तथा पुलों को आपातकालीन आवागमन के लिए तैयार रखने को कहा गया है। स्वास्थ्य, ऊर्जा, दूरसंचार और खाद्य आपूर्ति विभागों को भी आवश्यक कर्मचारियों, संसाधनों और वैकल्पिक व्यवस्थाओं को तैयार रखने का निर्देश दिया गया है।
भूस्खलन प्रभावित गांवों का तैयार होगा सैटेलाइट मैप
गंजाम, गजपति, रायगड़ा, कंधमाल, मालकानगिरि और कोरापुट के भूस्खलन संभावित गांवों तथा सड़कों की पहचान के लिए ओआरएसएसी को सैटेलाइट तस्वीरों और जीआईएस तकनीक के माध्यम से तत्काल मानचित्र तैयार करने को कहा गया है। इससे जोखिम वाले गांवों की पहचान कर समय रहते लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और जरूरत पड़ने पर सड़क संपर्क बहाल करने में मदद मिलेगी।
दूरसंचार व्यवस्था के लिए 17 सैटेलाइट फोन तैयार
चक्रवात के दौरान मोबाइल नेटवर्क बाधित होने की आशंका को देखते हुए इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग को संवेदनशील क्षेत्रों में दूरसंचार नेटवर्क की समीक्षा करने और मोबाइल टावर ऑन व्हील्स (सेल ऑन व्हील्स) की अग्रिम तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है। गंजाम, गजपति, पुरी, रायगड़ा, कोरापुट और मालकानगिरि पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इसके अलावा विशेष राहत आयुक्त ने उपलब्ध भंडार से 17 सैटेलाइट फोन तैयार रखने का निर्देश दिया है। इनमें 10 गंजाम और सात गजपति जिले के लिए निर्धारित किए गए हैं। चक्रवात के प्रभाव से पहले इनका वितरण और संचालन संबंधी जांच पूरी की जाएगी।
तटरक्षक बल और रेलवे को भी सतर्क रहने का निर्देश
भारतीय तटरक्षक बल के भुवनेश्वर एयर एन्क्लेव को गोपालपुर और पारादीप इकाइयों के साथ समन्वय स्थापित कर विमान, जहाज, बचाव नौकाएं, कर्मचारी, संचार और अन्य आवश्यक संसाधन तैयार रखने को कहा गया है। मछुआरों को भी समुद्र में संभावित खतरे के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया गया है।
रेलवे समन्वय प्रकोष्ठ को संवेदनशील रेल पटरियों, पुलों और स्टेशनों का निरीक्षण करने तथा जरूरत पड़ने पर ट्रेनों के सुरक्षित संचालन, मार्ग परिवर्तन या रद्द करने की व्यवस्था के लिए रेलवे अधिकारियों के साथ समन्वय करने को कहा गया है। यात्रियों की सहायता और आपातकालीन स्थिति में रेल सेवाओं की बहाली के लिए भी तैयारी रखने का निर्देश दिया गया है।
20 नवंबर तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह
मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर मछुआरों को 18 नवंबर की सुबह से 20 नवंबर तक ओडिशा तट के आसपास और समुद्र में मछली पकड़ने के लिए नहीं जाने की सलाह दी गई है।
इस बीच 17 नवंबर को राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) की ओर से आयोजित समीक्षा बैठक में ओडिशा के विशेष राहत आयुक्त ने राज्य की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने आपातकालीन बचाव दलों की तैनाती, विभागों के बीच समन्वय और नागरिकों की सुरक्षा के लिए उठाए गए एहतियाती कदमों से प्राधिकरण को अवगत कराया।
सभी जिलों में 24 घंटे सक्रिय रहेंगे नियंत्रण कक्ष
विशेष राहत आयुक्त ने 11 चिह्नित जिलों के कलेक्टरों को जिला, प्रखंड और शहरी निकाय स्तर पर विस्तृत निकासी योजना तैयार कर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। इसमें संभावित प्रभावित आबादी, संवेदनशील बस्तियां, आश्रय स्थलों की क्षमता, निकासी मार्ग, परिवहन व्यवस्था और जिम्मेदार अधिकारियों के संपर्क विवरण शामिल होंगे।
सभी जिला आपातकालीन संचालन केंद्रों को चौबीसों घंटे सतर्क रहने तथा निकासी, राहत केंद्रों में लोगों की संख्या, संसाधनों की आवाजाही और आवश्यकताओं की जानकारी राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र को नियमित रूप से देने का निर्देश दिया गया है। सभी कलेक्टरों से चक्रवात एवं बाढ़ की तैयारियों से संबंधित विस्तृत जांच सूची और आवश्यक दस्तावेज भी जमा करने को कहा गया है।
राज्य सरकार ने लोगों से मौसम विभाग और प्रशासन की ओर से जारी चेतावनियों का पालन करने, समुद्र में नहीं जाने तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के निर्देशों के अनुसार सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
