-
डिप्टी सीएम प्रभाती परिडा बोलीं- डबल इंजन सरकार में महिलाओं की दोगुनी प्रगति; एसएचजी को 329 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता
भुवनेश्वर, ओडिशा में महिला स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के आर्थिक सशक्तीकरण, उद्यमिता विकास और स्थायी आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने ‘सुभद्रा शक्ति’ ब्रांड की शुरुआत की है। इसके माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों को एक अलग पहचान देने के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
मंगलवार को भुवनेश्वर स्थित मिशन शक्ति भवन में आयोजित विशेष कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा ने इस पहल की शुरुआत की। इस अवसर पर राज्य के 3,26,366 स्वयं सहायता समूहों को 247.34 करोड़ रुपये की ब्याज अनुदान सहायता प्रदान की गई। इसके अलावा 27 जिलों के 8,927 समूहों को 16.03 करोड़ रुपये का रिवॉल्विंग फंड, 22 जिलों के 204 ग्राम पंचायत स्तरीय महासंघों को 60.40 करोड़ रुपये का सामुदायिक निवेश कोष तथा 10 जिलों के 376 क्लस्टर स्तरीय महासंघों को 5.37 करोड़ रुपये का सुरक्षा कोष दिया गया। इस प्रकार कुल 329 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई गई।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्वयं सहायता समूहों को 20,000 करोड़ रुपये का बैंक ऋण उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने ‘सुभद्रा शक्ति बाजार’ का नया उत्पाद कैटलॉग भी जारी किया। इसमें राज्य के महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार विभिन्न उत्पादों को शामिल किया गया है। इसके साथ ही ‘सुभद्रा शक्ति’ ब्रांड के तहत कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स (लो-जीआई) वाले चावल, इडली रवा, चूड़ा, पौष्टिक मिलेट कुकीज और प्रीमियम सुगंधित कालाजीरा चावल बाजार में उतारे गए। इन उत्पादों को खुर्दा मातृशक्ति किसान उत्पादक कंपनी ने अंतरराष्ट्रीय धान अनुसंधान संस्थान (आईआरआरआई) के तकनीकी सहयोग से विकसित किया है।
महिला किसान उत्पादक कंपनियों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए छह व्यावसायिक साझेदारियां भी स्थापित की गईं। इनके माध्यम से 4.56 करोड़ रुपये से अधिक के संभावित कारोबार के अवसर पैदा होंगे। इनमें उत्तराखंड की कीवी किसान विंडो, तेलंगाना की वज्रतेजा राइस क्लस्टर, कालाहांडी की विजयलक्ष्मी पैडी एंड एग्रो, भुवनेश्वर की विलामार्ट, गुरुग्राम की किसानसे एगटेक तथा पारलाखेमुंडी की एसे नेचुरल्स एंड न्यूट्रिशन शामिल हैं।
महिला उद्यमियों के उत्पादों को डिजिटल बाजार से जोड़ने के लिए विलामार्ट के ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर ‘सुभद्रा शक्ति’ उत्पादों की ऑनलाइन बिक्री और प्रचार भी शुरू किया गया।
इस अवसर पर ओडिशा लाइवलीहुड्स मिशन और द नज लाइफस्किल्स फाउंडेशन के बीच समावेशी आजीविका योजना के तहत समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इसका उद्देश्य विशेषकर पलायन प्रभावित क्षेत्रों के अत्यंत कमजोर परिवारों की आजीविका मजबूत करना, कौशल विकास और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता और उद्यमिता राज्य के समग्र विकास के प्रमुख आधार हैं। वित्तीय सहायता के साथ कौशल विकास, तकनीकी सहयोग और बाजार उपलब्ध कराने से महिला उद्यमियों को नई ऊंचाइयां मिलेंगी।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार में महिलाओं की दोगुनी प्रगति सुनिश्चित हो रही है। इसका उदाहरण है कि 24 और 25 नवंबर को स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं व्यावसायिक गतिविधियों के लिए इंडोनेशिया के बाली जाएंगी। प्राचीन काल में ओडिशा के साधव पुत्र जिस प्रकार समुद्री मार्ग से विदेशों में व्यापार करने जाते थे, उसी गौरवशाली परंपरा को आज महिला उद्यमी आगे बढ़ाएंगी और ओडिशा के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाएंगी।
कार्यक्रम में मिशन शक्ति विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, बैंकों, सहयोगी संस्थाओं और महिला स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
