Home / Odisha / लोकतांत्रिक परंपराओं और रचनात्मक बहस से ही होगा विकसित ओडिशा का निर्माण : उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन

लोकतांत्रिक परंपराओं और रचनात्मक बहस से ही होगा विकसित ओडिशा का निर्माण : उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन

  •  विधायकों को दी नसीहत-चुनाव में वोट से जीत मिलती है, लेकिन जनता का सम्मान सेवा से अर्जित होता है

  •  विधानसभा में सार्थक चर्चा, तकनीक और एआई के इस्तेमाल पर दिया जोर

भुवनेश्वर। भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए स्वस्थ बहस, रचनात्मक संवाद और आपसी सहयोग बेहद जरूरी हैं। विधानसभा केवल राजनीतिक विचारों के टकराव का मंच नहीं, बल्कि जनता की आकांक्षाओं और समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण संस्थान है। उन्होंने विधायकों से सदन की गरिमा, संसदीय परंपराओं और संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करते हुए विकसित ओडिशा के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उपराष्ट्रपति सोमवार को भुवनेश्वर में 17वीं ओडिशा विधानसभा के सदस्यों के लिए आयोजित अभिमुखीकरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर ओडिशा के राज्यपाल ब्रज मोहन राम, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी सहित मंत्रिपरिषद के सदस्य, विधायक और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
जनता का सम्मान सेवा से मिलता है
उपराष्ट्रपति ने भारत की प्राचीन लोकतांत्रिक परंपराओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत को लोकतंत्र की जननी कहा जाता है। वैशाली की प्राचीन गणतांत्रिक व्यवस्था और चोल शासनकाल की कुडवोलाई निर्वाचन प्रणाली इसका प्रमाण हैं कि भारत में लोकतांत्रिक विचारों की जड़ें अत्यंत गहरी रही हैं।
उन्होंने विधायकों को संबोधित करते हुए कहा कि हम चुनाव में वोटों से जीतते हैं, लेकिन जनता का सम्मान केवल अपनी सेवा से अर्जित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि चुनावी जीत किसी जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी का अंत नहीं, बल्कि वास्तविक जनसेवा की शुरुआत है। जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें सदन तक पहुंचाया है, उस विश्वास पर खरा उतरना प्रत्येक विधायक का दायित्व है।
सदन में व्यवधान नहीं, सार्थक चर्चा हो
उपराष्ट्रपति ने विधानसभा की कार्यवाही में बार-बार होने वाले व्यवधानों पर चिंता जताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतभिन्नता स्वाभाविक है, लेकिन राजनीतिक असहमति संवैधानिक जिम्मेदारियों पर हावी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ बहस लोकतंत्र को मजबूत बनाती है, जबकि रचनात्मक सहयोग राष्ट्र की प्रगति को गति देता है।
उन्होंने विधायकों से सदन की प्रक्रियाओं का पालन करने, विषयों की पूरी जानकारी के साथ चर्चा में भाग लेने और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने की अपील की।
विकसित भारत 2047 में ओडिशा की अहम भूमिका
उपराष्ट्रपति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में ओडिशा की प्रगति की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। वर्ष 2036 में ओडिशा अपने गठन के 100 वर्ष पूरे करेगा। ऐसे में विकसित ओडिशा 2036 का लक्ष्य राज्य को समृद्ध, समावेशी और युवाओं के लिए अवसरों से परिपूर्ण बनाने का महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने कहा कि राज्य के जनप्रतिनिधियों को विकास की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और युवाओं के लिए रोजगार, शिक्षा तथा उद्यमिता के अवसर तैयार करने की दिशा में काम करना चाहिए।
विधानसभा में एआई और डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल पर जोर
उपराष्ट्रपति ने ओडिशा विधानसभा में राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन (नेवा) के तहत डिजिटल सदन की शुरुआत की सराहना की। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), नेचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग और अन्य आधुनिक तकनीकों का उपयोग विधायी कार्यों को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और सुलभ बना सकता है।
उन्होंने विधायकों को तकनीकी बदलावों के साथ कदम मिलाकर चलने और डिजिटल माध्यमों का अधिकतम उपयोग करने की सलाह दी। इससे सदन की कार्यवाही, विधायी शोध और जनता तक सूचनाओं की पहुंच बेहतर हो सकेगी।
श्रीश्री विश्वविद्यालय के आइकॉनिक टावर का उद्घाटन
इससे पहले उपराष्ट्रपति ने कटक स्थित श्रीश्री विश्वविद्यालय के नवनिर्मित भव्य आइकॉनिक टावर का उद्घाटन किया। उन्होंने इसे भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राचीन ज्ञान परंपरा और आधुनिक शिक्षा की आकांक्षाओं का संगम बताया। इस अवसर पर उन्होंने शिक्षा को ज्ञान, चरित्र और करुणा के विकास का आधार बताते हुए कहा कि विकसित भारत 2047 के निर्माण में शिक्षण संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
उन्होंने ओडिशा के विश्वविद्यालयों से जनजातीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों को मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ने के लिए ‘स्कूल कनेक्ट कार्यक्रम’ शुरू करने का आह्वान किया, ताकि आदिवासी विद्यार्थियों के बीच पढ़ाई छोड़ने की प्रवृत्ति को रोका जा सके और उन्हें उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिल सकें।
इस अवसर पर राज्यपाल, मुख्यमंत्री, श्रीश्री विश्वविद्यालय के संस्थापक एवं आजीवन अध्यक्ष गुरुदेव श्रीश्री रविशंकर तथा विश्वविद्यालय के अध्यक्ष एवं बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन आदेश गोयल उपस्थित थे।
उपराष्ट्रपति ने विश्वविद्यालय परिसर में नवनिर्मित आइकॉनिक टावर स्थित अत्याधुनिक तारामंडल का भी अवलोकन किया और विज्ञान, अनुसंधान तथा नवाचार के प्रति विद्यार्थियों में जिज्ञासा विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
अंत में उन्होंने 17वीं ओडिशा विधानसभा के सदस्यों को उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि का एक संवेदनशील निर्णय और विचारपूर्ण हस्तक्षेप भी हजारों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकता है।
Share this news

About desk

Check Also

उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ संपन्न हुआ लोक आस्था का महापर्व छठ

 बिस्वास परिवार के दो दिवसीय आयोजन में दिखी सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समरसता भुवनेश्वर। उगते …