-
145 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी झोंकेदार हवाएं
-
बंगाल की खाड़ी में डिप डिप्रेशन तेजी से हो रहा शक्तिशाली
-
17 नवंबर की शाम तक भीषण चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना
-
नेल्लोर और तूनी के बीच तट पार करने का अनुमान
-
ओडिशा के तटीय इलाकों में भी सतर्कता जरूरी
भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में बना डिप डिप्रेशन तेजी से शक्तिशाली होता जा रहा है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, यह मौसमी सिस्टम अगले कुछ दिनों में चक्रवाती तूफान और फिर भीषण चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके 20 नवंबर को दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश और यानम के तट पर नेल्लोर तथा तूनी के बीच टकराने की संभावना है। इस दौरान तूफान की अधिकतम निरंतर हवा की गति 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटा रहने तथा झोंकों की गति 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, 16 नवंबर को सुबह 11.30 बजे डिप डिप्रेशन दक्षिण-पूर्वी और उससे सटे दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर केंद्रित था। पिछले छह घंटों के दौरान यह 17 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तरपश्चिम दिशा में आगे बढ़ा। उस समय यह श्रीलंका के त्रिंकोमाली से लगभग 620 किलोमीटर उत्तर-पूर्व, चेन्नई से 650 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व, विशाखापट्टनम से 730 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से लगभग 850 किलोमीटर दक्षिण में स्थित था।
मौसम विभाग का अनुमान है कि यह सिस्टम 16 नवंबर की शाम तक दक्षिण और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के मध्यवर्ती हिस्से में चक्रवाती तूफान में बदल कर 17 नवंबर की शाम तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर भीषण चक्रवाती तूफान का रूप लेने की संभावना है। इसके बाद यह और अधिक शक्तिशाली होकर पश्चिम-उत्तरपश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा।
दक्षिण ओडिशा तट के लिए प्री-साइक्लोन वॉच के तहत येलो संदेश
आंध्र प्रदेश और यानम तट पर इसके संभावित प्रभाव को देखते हुए मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिण ओडिशा तट के लिए प्री-साइक्लोन वॉच के तहत येलो संदेश जारी किया है।
ओडिशा पर भी रहेगी मौसम विभाग की नजर
तूफान के संभावित मार्ग और इसकी तीव्रता को देखते हुए ओडिशा के तटीय जिलों में मौसम की स्थिति पर विशेष नजर रखी जा रही है। हालांकि, फिलहाल इसके ओडिशा तट से सीधे टकराने का पूर्वानुमान नहीं है। तूफान की दिशा, गति और तीव्रता में होने वाले बदलाव के आधार पर आगामी दिनों में इसके संभावित प्रभाव को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
