Home / Odisha / ज्ञान का प्रथम गुण है विनम्रता – मुनि जयेश कुमार

ज्ञान का प्रथम गुण है विनम्रता – मुनि जयेश कुमार

  •  श्रुतोपासना ज्ञानसाधना अनुष्ठान का भव्य आयोजन

कटक। युगप्रधान आचार्यश्री महाश्रमण जी के सुशिष्य मुनिश्री मोहजीत कुमार जी के सान्निध्य में तेरापंथ भवन, कटक में श्रुतोपासना ज्ञानसाधना अनुष्ठान का भव्य आयोजन हुआ।
 तेरापंथ किशोर मंडल एवं तेरापंथ कन्या मंडल, कटक के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस आध्यात्मिक अनुष्ठान में मुनिश्री जयेश कुमार जी के समुच्चारण के साथ विभिन्न विशिष्ट मंत्रों की आराधना की गई।
 इस अवसर पर मुनि जयेश कुमार जी ने श्रुत, ज्ञान एवं विनम्रता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ज्ञान का प्रथम गुण विनम्रता है। मनुष्य जब अपने ज्ञान और अहंकार से स्वयं को परिपूर्ण मान लेता है, तब उसके भीतर नई बातों को ग्रहण करने की संभावना सीमित हो जाती है। सच्चा ज्ञान प्राप्त करने के लिए मन को अहंकार से मुक्त रखना और सदैव सीखने की भावना बनाए रखना आवश्यक है।
मुनिश्री ने प्रेरणा देते हुए कहा कि केवल पुस्तकों का अध्ययन कर लेना ही ज्ञान नहीं है, बल्कि प्राप्त ज्ञान को अपने जीवन, व्यवहार एवं आचरण में उतारना ही वास्तविक ज्ञानसाधना है। अहंकार मनुष्य की बुद्धि को सीमित करता है, जबकि विनम्रता उसे निरंतर आगे बढ़ने और स्वयं को परिष्कृत करने की प्रेरणा देती है। सच्चा ज्ञानी वही है जो अपनी उपलब्धियों के बावजूद सीखने की जिज्ञासा एवं ग्रहणशीलता बनाए रखता है।
उन्होंने कहा कि श्रुत की आराधना तभी सार्थक होती है, जब ज्ञान के साथ जीवन में विनम्रता, विवेक, सदाचार एवं आत्मविकास का समावेश हो। ज्ञान व्यक्ति के व्यक्तित्व को तभी प्रकाशित करता है, जब उसका प्रतिबिंब उसके आचरण में दिखाई देता है।
तेरापंथ किशोर मंडल एवं तेरापंथ कन्या मंडल, कटक की सक्रिय सहभागिता से आयोजित यह अनुष्ठान आध्यात्मिक चेतना, ज्ञानाराधना एवं संस्कार निर्माण की दिशा में एक सराहनीय आयोजन रहा।
Share this news

About desk

Check Also

उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ संपन्न हुआ लोक आस्था का महापर्व छठ

 बिस्वास परिवार के दो दिवसीय आयोजन में दिखी सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समरसता भुवनेश्वर। उगते …