Home / Odisha / उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ संपन्न हुआ लोक आस्था का महापर्व छठ

उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ संपन्न हुआ लोक आस्था का महापर्व छठ

  •  बिस्वास परिवार के दो दिवसीय आयोजन में दिखी सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समरसता

भुवनेश्वर। उगते सूर्य की पहली किरण के साथ आस्था, विश्वास और लोक परंपरा का महापर्व छठ संपन्न हो गया। राजधानी भुवनेश्वर के मंचेश्वर स्थित न्यू बालियात्रा प्रदर्शनी मैदान के समीप कुआखाई नदी तट पर बिस्वास परिवार की ओर से आयोजित दो दिवसीय सामूहिक छठ अर्घ्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छठव्रतियों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। सोमवार की भोर में नदी के जल में खड़े होकर छठव्रतियों ने उदीयमान सूर्य देव और छठी मैया को अंतिम अर्घ्य अर्पित किया तथा परिवार, समाज और देश की सुख-समृद्धि, आरोग्य एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
भोर होते ही छठ घाट पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत दृश्य दिखाई दिया। पारंपरिक पूजा सामग्री, सजे हुए सूप, फल और प्रसाद के साथ छठव्रती सूर्य की पहली किरण का इंतजार करते नजर आए। सूर्य के उदित होते ही वैदिक मंत्रोच्चार और छठी मैया के जयकारों के बीच अर्घ्य अर्पित किया गया। छठव्रतियों के परिजनों और सैकड़ों शुभचिंतकों की उपस्थिति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं को पारंपरिक ठेकुआ प्रसाद वितरित किया गया।
उल्लेखनीय है कि चार दिवसीय छठ महापर्व का शुभारंभ 13 नवंबर को नहाय-खाय से हुआ था। 14 नवंबर को खरना के बाद 15 नवंबर की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य दिया गया। वहीं 16 नवंबर की भोर में उदीयमान सूर्य को दूसरा और अंतिम अर्घ्य अर्पित करने के साथ व्रत संपन्न हुआ। इसके बाद छठव्रतियों ने घाट पर ही पारण कर प्रसाद ग्रहण किया।
सामाजिक एकता और सहयोग के लिए जताया आभार
आयोजन के समापन पर बिस्वास परिवार, भुवनेश्वर के अध्यक्ष इंजीनियर राजकुमार सिंह ने सभी छठव्रतियों, स्थानीय मारवाड़ी, पंजाबी एवं गुजराती समाज, मीडिया प्रतिनिधियों, स्थानीय प्रशासन, पुलिस प्रशासन, भुवनेश्वर महानगर निगम के अधिकारियों तथा सहयोगी नागरिकों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी वर्गों के सहयोग, समर्पण और सहभागिता से ही इतना बड़ा धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन सफल हो सका।
इस वर्ष आयोजन की एक उल्लेखनीय उपलब्धि संस्था के विस्तार के रूप में भी सामने आई। बड़ी संख्या में नए सदस्य बिस्वास परिवार से जुड़े। महिला विंग में भी कई नई सदस्याओं ने सदस्यता ग्रहण की। इसके साथ ही संस्था को आर्थिक सहयोग एवं दान प्राप्त हुआ, जो भविष्य में सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में सहायक होगा।
जगन्नाथ संस्कृति और छठ संस्कृति का दिखा संगम
कार्यक्रम का संचालन करते हुए अशोक पांडेय ने कहा कि इस आयोजन में ओडिशा की जगन्नाथ संस्कृति और छठ की लोक आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। दोनों संस्कृतियां प्रकृति के प्रति सम्मान, सामाजिक समरसता, मानव सेवा और अतिथि देवो भव का संदेश देती हैं। उन्होंने कहा कि छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और समाज को एक सूत्र में बांधने का महापर्व है। इसका संदेश पूरी मानवता के लिए प्रासंगिक है।
आयोजन को सफल बनाने में इंजीनियर राजकुमार सिंह, अशोक कुमार भगत, अजय बहादुर सिंह, मणिशंकर ठाकुर, चंद्रशेखर सिंह, महारुद्र झा, विद्या मिश्रा, मधु त्रिपाठी एवं उनकी पूरी महिला टीम तथा आनंद मोहन एवं उनकी युवा टीम सहित बिस्वास परिवार के अनेक सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Share this news

About desk

Check Also

धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर भावभीनी श्रद्धांजलि

 उनका त्याग, संघर्ष और बलिदान युगों-युगों तक देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा : गोलक भुवनेश्वर। …