-
उनका त्याग, संघर्ष और बलिदान युगों-युगों तक देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा : गोलक
भुवनेश्वर। उत्तर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मैत्री विहार में महान जननायक, आदिवासी समाज के गौरव तथा भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अमर वीर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर हमारी पार्टी के वरिष्ठ भाजपा नेता गोलक महापात्र भाई ने कार्यक्रम में सम्मिलित होकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने बताया कि 15 नवंबर 1875 को वर्तमान झारखंड राज्य के उलिहातु गांव में एक मुंडा आदिवासी परिवार में भगवान बिरसा मुंडा का जन्म हुआ था। बचपन से ही उन्होंने आदिवासी समाज के दुख-दर्द, शोषण, अन्याय और सामाजिक उत्पीड़न को करीब से देखा था। अंग्रेजी शासन, जमींदारों और साहूकारों द्वारा आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन पर अधिकार छीनने के प्रयासों ने उनके मन में अन्याय के विरुद्ध विद्रोह की ज्वाला प्रज्वलित कर दी।
बिरसा मुंडा केवल एक स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं थे, बल्कि एक महान समाज सुधारक, दूरदर्शी जननेता और आदिवासी चेतना के प्रखर उद्घोषक भी थे। उन्होंने आदिवासी समाज को अंधविश्वास, कुरीतियों और सामाजिक बुराइयों से मुक्त करने के लिए जागरूक किया। साथ ही अपनी भाषा, संस्कृति, परंपरा और सामूहिक अस्मिता की रक्षा के लिए समाज को संगठित होने का आह्वान किया।
वर्ष 1899-1900 में उनके नेतृत्व में प्रारंभ हुआ ऐतिहासिक ‘उलगुलान’ अर्थात महान विद्रोह, ब्रिटिश शासन और शोषण के विरुद्ध आदिवासी समाज का एक अदम्य जनआंदोलन था। यह आंदोलन केवल अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष नहीं था, बल्कि आदिवासियों के जल, जंगल, जमीन, अधिकार, अस्मिता और स्वाभिमान की रक्षा के लिए लड़ी गई एक ऐतिहासिक लड़ाई थी।
मात्र 25 वर्ष के अल्प जीवनकाल में उन्होंने जिस अद्भुत साहस, नेतृत्व क्षमता, त्याग और संघर्ष का परिचय दिया, वह भारतीय इतिहास में सदैव अविस्मरणीय रहेगा। 9 जून 1900 को रांची जेल में उनका निधन हो गया, लेकिन उनके विचार, संघर्ष और बलिदान आज भी करोड़ों देशवासियों के हृदय में जीवित हैं।
उनके महान योगदान और आदिवासी समाज के प्रति अतुलनीय समर्पण को सम्मान देते हुए भारत सरकार ने 15 नवंबर को उनकी जयंती के अवसर पर ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया। यह देश के जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति और राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान देने की एक ऐतिहासिक पहल है।
आज इस पावन अवसर पर हम सभी को भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए आदिवासी समाज के अधिकारों, सम्मान, स्वाभिमान और सर्वांगीण विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए।
धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का जीवन, उनका संघर्ष, त्याग और बलिदान भारतीय जनमानस में सदैव अमर रहेगा। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों को अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने, अपने अधिकारों की रक्षा करने और राष्ट्र के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता रहेगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
