Home / Odisha / ओडिशा बंद से शहरों की रफ्तार, सड़कें जाम और बस अड्डे वीरान

ओडिशा बंद से शहरों की रफ्तार, सड़कें जाम और बस अड्डे वीरान

  •     भुवनेश्वर-कटक राज्यभर में 12 घंटे के बंद का व्यापक असर

  •     मरीज और यात्री हुए परेशान

  •    कई जगह प्रदर्शनकारियों और आम लोगों में झड़प

भुवनेश्वर। इंडिया ब्लॉक के आह्वान पर गुरुवार सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक बुलाए गए 12 घंटे के ओडिशा बंद का राजधानी भुवनेश्वर और कटक में व्यापक असर देखने को मिला। अन्य जिलों से भी प्रभाव की सूचना है। सड़कों पर प्रदर्शन, रास्ते रोकने और टायर जलाने के कारण सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। यातायात व्यवस्था ठप होने से हजारों यात्री परेशान हुए, जबकि इलाज के लिए दूसरे जिलों से पहुंचे मरीजों को भी अस्पताल पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

भुवनेश्वर में प्रमुख चौराहों पर प्रदर्शन, बरमुंडा बस अड्डा वीरान

राजधानी भुवनेश्वर में बरमुंडा बस अड्डा वीरान रहा। मास्टर कैंटीन, जयदेव विहार, पालासुनी और एजी स्क्वायर समेत कई प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शनकारियों ने रास्ते रोक दिए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास ने एजी स्क्वायर पर प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व किया और यात्री बसों को रोकते हुए स्थानीय बाजारों को बंद रखने की अपील की। प्रदर्शनकारियों ने बंद को शांतिपूर्ण बताते हुए लोगों से स्वेच्छा से सहयोग करने की अपील की, लेकिन सड़क अवरोध के कारण कई

स्थानों पर यात्रियों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी।

बरमुंडा अंतरराज्यीय बस टर्मिनल पर लंबी दूरी की बसों का संचालन लगभग पूरी तरह बंद रहा। ऑटो-रिक्शा भी बड़ी संख्या में सड़कों से गायब रहे। दूसरे जिलों से इलाज के लिए भुवनेश्वर पहुंचे मरीज और उनके परिजन सबसे अधिक परेशान हुए। कई स्थानों पर पुलिस ने हस्तक्षेप कर फंसे मरीजों के लिए वाहनों की व्यवस्था कर उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

सुरक्षा के लिए 18 प्लाटून पुलिस बल तैनात

बंद के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने राजधानी में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की। संवेदनशील स्थानों पर 18 प्लाटून पुलिस बल के साथ करीब 100 अधिकारियों को तैनात किया गया। राष्ट्रीय राजमार्गों, रेलवे स्टेशनों और प्रमुख चौराहों पर पुलिस की विशेष निगरानी रही।

कटक में भी बंद का व्यापक असर

राज्य के प्रमुख वाणिज्यिक शहर कटक में भी बंद का व्यापक प्रभाव देखने को मिला। सामान्य दिनों में यात्रियों से गुलजार रहने वाला बदामबाड़ी बस टर्मिनस लगभग वीरान नजर आया। निजी बसें सड़कों से दूर रहीं, जबकि कुछ ओएसआरटीसी और ‘आमा बस’ सेवाएं संचालित हुईं।

कटक रेलवे स्टेशन पर भी सुबह से दोपहर तक रेल सेवाएं प्रभावित रहीं। शहर के प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे। जगतपुर और मधुपाटना के औद्योगिक क्षेत्रों में भी कामकाज पूरी तरह प्रभावित हुआ। स्कूल बंद रहे, हालांकि छात्रसंघ चुनाव के कारण कॉलेजों को खुला रखा गया।

चार प्रमुख मांगों को लेकर बुलाया गया था बंद

विपक्षी दलों की ओर से बुलाए गए बंद के पीछे चार प्रमुख मांगें बताई गईं। इनमें खनिज और खनिज विकास एवं विनियमन संशोधन अधिनियम, 2026 को वापस लेना, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग, स्कूल की पाठ्यपुस्तकों में त्रुटियों को लेकर स्कूल एवं जनशिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग तथा बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए पर्याप्त पुनर्वास और मुआवजा शामिल हैं।

सत्तारूढ़ बीजद ने बंद में हिस्सा नहीं लिया, लेकिन विपक्षी दलों के आह्वान के कारण राज्यभर में सार्वजनिक परिवहन और सामान्य गतिविधियां प्रभावित हुईं।

मास्टर कैंटीन में प्रदर्शनकारी के पैर पर चढ़ी कार

भुवनेश्वर के मास्टर कैंटीन चौराहे पर बंद के दौरान एक अप्रिय घटना सामने आई। अशोक नगर की ओर जाने का प्रयास कर रही एक कार को प्रदर्शनकारियों ने रोक लिया। इसी दौरान कार प्रदर्शनकारी प्रदीप नायक के पैर पर चढ़ गई। उन्हें मामूली चोट आई और वह सड़क पर बैठ गए। घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही। हालांकि चालक द्वारा माफी मांगने के बाद प्रदर्शनकारियों ने उसे जाने दिया।

प्रदर्शनकारियों और आम लोगों के बीच तीखी बहस

राजधानी में कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों और आम लोगों के बीच बहस की स्थिति भी बनी। एक जगह स्कूटर से जा रहे एक युवक और महिला को प्रदर्शनकारियों ने रोक लिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई। इस दौरान कुछ लोगों ने प्रदर्शनकारियों से रास्ता खोलने की मांग की। लोगों को यह कहते हुए भी सुना गया कि रास्ता साफ किया जाए और आम जनता को परेशान न किया जाए।

मरीजों और स्कूली बच्चों को भी रास्ते में रोका गया

बंद के दौरान कई स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा सड़कें रोके जाने से यात्रियों, बुजुर्गों और वाहन चालकों के साथ बहस की स्थिति बनी। आरोप है कि कुछ स्थानों पर स्कूल जाने वाले बच्चों, उनके अभिभावकों और अस्पताल जा रहे मरीजों को भी रास्ता नहीं दिया गया। कुछ प्रदर्शनकारियों ने माहौल शांत रखने के लिए बच्चों को चॉकलेट देकर समझाने का प्रयास किया, लेकिन व्यापक यातायात अवरोध और आपात स्थिति में जा रहे लोगों को हुई परेशानी के कारण आम लोगों में नाराजगी देखी गई।

शाम छह बजे बंद समाप्त होने के बाद धीरे-धीरे यातायात और बाजारों में सामान्य स्थिति लौटने लगी, लेकिन दिनभर के बंद ने राजधानी भुवनेश्वर और कटक में आम जनजीवन को काफी प्रभावित किया।

Share this news

About desk

Check Also

ओडिशा पर 1.30 लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज

    हर नागरिक पर 27,502 रुपये का ऋण भार     मुख्यमंत्री मोहन चरण …