भुवनेश्वर। शिक्षक दिवस के अवसर पर ओडिशा के राज्यपाल डॉ हरि बाबू कंभमपाटी ने भारत रत्न डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
सोशल मीडिया पर साझा एक संदेश में राज्यपाल ने डॉ राधाकृष्णन को महान शिक्षक, दार्शनिक और राजनेता के रूप में याद करते हुए उनके स्थायी योगदान को नमन किया।
राज्यपाल ने शिक्षक दिवस पर देशभर के सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षकों का ज्ञान, मूल्य और समर्पण पीढ़ियों का निर्माण करने के साथ-साथ राष्ट्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उल्लेखनीय है कि भारत में प्रत्येक वर्ष 5 सितंबर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है। यह दिवस देश के महान शिक्षाविद्, दार्शनिक और पूर्व राष्ट्रपति डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
