-
हर ग्रामीण परिवार से कम से कम एक सदस्य को सहकारिता से जोड़ने का लक्ष्य
-
पहली बार किसानों को मिलेगा लाभांश
भुवनेश्वर। ओडिशा में सहकारिता आंदोलन को गांव-गांव तक मजबूत करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी 1 सितंबर को राज्यव्यापी मेगा सदस्यता अभियान ‘संबंध’ की शुरुआत करेंगे। इस अभियान के तहत हर ग्रामीण परिवार से कम से कम एक सदस्य को सहकारी संस्थाओं से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। सदस्यता प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और डिजिटल बनाने के लिए एक नया मोबाइल ऐप भी शुरू किया जाएगा।
इस पहल के तहत राज्य के सहकारी क्षेत्र में पहली बार प्राथमिक कृषि सहकारी समितियां (पैक्स) और बड़े क्षेत्र बहुउद्देश्यीय सहकारी समितियां (लैंप्स) अपने किसान सदस्यों को लाभांश वितरित करेंगी। पहले चरण में 180 पैक्स और लैंप्स से जुड़े तीन लाख से अधिक लाभार्थियों को कुल 14 करोड़ रुपये का लाभांश दिया जाएगा। वहीं, राज्य सरकार को शेयरधारक के रूप में 4.22 करोड़ रुपये का रिटर्न प्राप्त होगा, जिसे सहकारी क्षेत्र के विकास में पुनर्निवेश किया जाएगा।
दूध संग्रह से लेकर कृषि सेवाओं तक विस्तार
कार्यक्रम के दौरान 21 दूध संग्रह केंद्र, 50 कृषि सेवा केंद्र, 46 उपभोक्ता केंद्र और 200 साझा सेवा केंद्रों का उद्घाटन किया जाएगा। इसके अलावा पारदर्शिता और कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए 200 पैक्स को राष्ट्रीय स्तर के पैक्स सॉफ्टवेयर से जोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री चार आदर्श मंडियों की आधारशिला भी वर्चुअल माध्यम से रखेंगे। ये मंडियां कटक, खुर्दा और पुरी जिलों में स्थापित की जाएंगी। इसके साथ ही केंद्र सरकार की अनाज भंडारण योजना के तहत तीन गोदामों की आधारशिला भी रखी जाएगी।
30 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र
कार्यक्रम में ओडिशा राज्य भंडारण निगम के लिए चयनित 30 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। सरकार का मानना है कि इन पहलों से किसानों को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में सहकारी ढांचे को मजबूती मिलेगी।
‘संबंध’ अभियान के जरिए सरकार सहकारिता को केवल ऋण और कृषि सेवाओं तक सीमित रखने के बजाय ग्रामीण परिवारों की व्यापक आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में आगे बढ़ रही है। इससे ओडिशा के सहकारी आंदोलन को नई पहचान मिलने और इसे राष्ट्रीय स्तर पर एक आदर्श मॉडल के रूप में विकसित करने की उम्मीद जताई जा रही है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
