Home / Odisha / सांसद धर्मेंद्र प्रधान ने भुवनेश्वर स्थित आवास पर फहराया तिरंगा

सांसद धर्मेंद्र प्रधान ने भुवनेश्वर स्थित आवास पर फहराया तिरंगा

  • ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में देशवासियों से जुड़ने का आह्वान

भुवनेश्वर, संबलपुर से सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भुवनेश्वर स्थित अपने आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने ओडिशा सहित देशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और लोगों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया।

तिरंगा फहराने के बाद प्रधान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी नेतृत्व में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशभर में राष्ट्रवाद, राष्ट्रीय एकता और आत्मसम्मान की भावना को नई ऊर्जा दे रहा है। उन्होंने कहा कि यह अभियान प्रत्येक भारतीय को स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने तथा राष्ट्रसेवा के लिए संकल्पित होने की प्रेरणा दे रहा है।

प्रधान ने कहा कि तिरंगा केवल देश का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि भारत की एकता, गौरव, स्वतंत्रता और संप्रभुता का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना को मजबूत करने की अपील की।

उन्होंने ओडिशा सहित देशभर के लोगों से अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का हिस्सा बनने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने नागरिकों से राष्ट्रीय एकता, शांति और सामाजिक सद्भाव का संदेश समाज में फैलाने की अपील की।

प्रधान ने कहा कि देश की स्वतंत्रता अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से मिली है। ऐसे में राष्ट्रीय पर्व केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि उन महान सेनानियों को स्मरण करने और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को दोहराने का भी अवसर है।

उन्होंने सभी नागरिकों से देशहित को सर्वोपरि रखते हुए एकजुट होकर भारत की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।

Share this news

About desk

Check Also

‘भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो में सफल भागीदारी के बाद भुवनेश्वर लौटे मुख्यमंत्री

    स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग ने किया स्वागत     नवीकरणीय ऊर्जा निवेश को …