-
परीक्षा प्रश्नपत्र लीक मामले पर केंद्र से छात्रों के साथ सार्थक संवाद की मांग
-
कहा-शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता से समझौता देश के भविष्य से समझौता
भुवनेश्वर। बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष और ओडिशा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और प्रश्नपत्र लीक के विरोध में चल रहे छात्र आंदोलन के बीच केंद्र सरकार से छात्रों के साथ सार्थक संवाद शुरू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बीजद देश के युवाओं और छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है।
शिक्षा ही करोड़ों युवाओं के बेहतर भविष्य का एकमात्र रास्ता
रविवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी संदेश में नवीन पटनायक ने कहा कि देश के करोड़ों बच्चों के लिए शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य का एकमात्र माध्यम है। प्रत्येक विकसित राष्ट्र की नींव मजबूत शिक्षा व्यवस्था और पारदर्शी एवं विश्वसनीय परीक्षा प्रणाली पर टिकी होती है। भारत ने भी इसी व्यवस्था की बदौलत डॉक्टर, वैज्ञानिक, इंजीनियर, शिक्षक और नवोन्मेषकों की कई पीढ़ियां तैयार की हैं।
परीक्षा प्रणाली में भरोसा टूटना गंभीर चिंता का विषय
उन्होंने कहा कि आज परीक्षा प्रणाली पर लोगों का विश्वास कमजोर हुआ है और इसका असर केवल एक परीक्षा तक सीमित नहीं है। इससे पूरी शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लग जाता है। यह संदेश जाता है कि मेहनत का महत्व कम हो गया है और गरीब एवं प्रतिभाशाली छात्रों के लिए आगे बढ़ने का सबसे बड़ा अवसर छिन रहा है।
नवीन पटनायक ने कहा कि जो देश अपनी परीक्षा प्रणाली की निष्पक्षता और विश्वसनीयता से समझौता करता है, वह अपने भविष्य से भी समझौता करता है।
संसद में हो विस्तृत चर्चा, तय हो जवाबदेही
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि देश के लाखों छात्रों से जुड़े इस गंभीर मुद्दे को संसद में सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ उठाया जाना चाहिए। लोकतंत्र के सर्वोच्च मंच पर इस विषय पर व्यापक चर्चा होनी चाहिए, ताकि ऐसे ठोस सुधार किए जा सकें जिससे भविष्य में प्रश्नपत्र लीक, त्रुटिपूर्ण मूल्यांकन और अन्य व्यवस्थागत खामियों की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में विश्वास को पहुंचे नुकसान के लिए जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।
शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों से संवाद करे सरकार
नवीन पटनायक ने कहा कि राजनीति से ऊपर उठकर केंद्र सरकार को कई दिनों से शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ सार्थक और खुले मन से संवाद करना चाहिए। छात्रों को अपनी बात रखने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक जीवंत लोकतंत्र संवाद से आगे बढ़ता है, चुप्पी से नहीं। और जब बात देश के युवाओं की हो, तब संवाद और भी अधिक आवश्यक हो जाता है।
लोकतंत्र और शिक्षा व्यवस्था में विश्वास बहाल करने का आह्वान
बीजद अध्यक्ष ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं के साथ ईमानदार और सकारात्मक संवाद से लोकतंत्र, शिक्षा व्यवस्था और देश के नेतृत्व के प्रति छात्रों का विश्वास दोबारा मजबूत होगा। उन्होंने दोहराया कि बीजू जनता दल देश के युवाओं और छात्रों के साथ मजबूती से खड़ा है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
