भुबनेश्वर ,विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास एवं आत्मबोध को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित दो दिवसीय ऑनलाइन कार्यशाला “UNLOCK YOUR POTENTIAL – Know Yourself, Lead Yourself” का प्रथम दिवस आज सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह कार्यशाला विशेष रूप से पी.एम. श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, बेलपाड़ा (बलांगीर) के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जा रही है।
कार्यशाला के प्रथम दिन लगभग 300 विद्यार्थियों ने विद्यालय में प्रोजेक्टर के माध्यम से ऑनलाइन सत्र में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने पूरे मनोयोग से गतिविधियों, संवाद एवं चिंतनपरक अभ्यासों में भाग लिया तथा प्रशिक्षक के साथ सक्रिय संवाद स्थापित करते हुए सकारात्मक एवं उत्साहजनक प्रतिक्रिया दी।
क्रिएटिव एजुकेटर एवं सॉफ्ट स्किल्स ट्रेनर सुश्री निहारिका सिंघी ने आत्म-जागरूकता (Self-Awareness) के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को स्वयं को समझने, अपनी क्षमताओं की पहचान करने तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विभिन्न रोचक उदाहरणों एवं सहभागितापूर्ण गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को यह अनुभव कराया कि वास्तविक सफलता की शुरुआत स्वयं को जानने से होती है।
कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्म-जागरूकता, भावनात्मक बुद्धिमत्ता, आलोचनात्मक चिंतन, निर्णय क्षमता एवं व्यक्तित्व विकास जैसे जीवनोपयोगी कौशलों का विकास करना है, जिससे वे न केवल शैक्षणिक जीवन बल्कि भविष्य की चुनौतियों का भी सफलतापूर्वक सामना कर सकें।
प्रथम दिवस की सफलता और विद्यार्थियों के उत्साह ने यह स्पष्ट किया कि यह कार्यशाला उनके व्यक्तित्व विकास की दिशा में एक सार्थक एवं प्रेरणादायी पहल सिद्ध हो रही है। दूसरे दिन के सत्र में इन विषयों को और अधिक व्यावहारिक गतिविधियों एवं जीवनोपयोगी अभ्यासों के माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
