कटक। अणुविभा द्वारा निर्देशित “ELEVATE – Experience the Real High” अभियान के अंतर्गत आज अणुव्रत समिति, कटक द्वारा नारायणा ई-टेक्नो स्कूल, कटक में एक प्रेरणादायी कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एमबीए गोल्ड मेडलिस्ट, CPS ज़ोनल ट्रेनर एवं मोटिवेशनल स्पीकर सुश्री निहारिका जी सिंघी ने विद्यार्थियों के लिए दो प्रभावशाली सत्र संचालित किए।
प्रथम सत्र “डिजिटल डिटॉक्स” विषय पर आयोजित हुआ, जिसमें कक्षा 3 से 5 तक के लगभग 150 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। सुश्री निहारिका जी सिंघी ने बच्चों को अत्यंत सरल एवं रोचक शैली में मोबाइल एवं डिजिटल उपकरणों की बढ़ती लत के दुष्प्रभावों से अवगत कराया तथा उससे बचने के व्यावहारिक उपाय भी बताए। बच्चों ने बड़े उत्साह एवं जिज्ञासा के साथ इस सत्र में भाग लिया।
द्वितीय सत्र “ELEVATE – नशा मुक्त युवा” विषय पर आयोजित किया गया, जिसमें कक्षा 6 से 10 तक के लगभग 130 विद्यार्थी उपस्थित रहे। इस सत्र में विद्यार्थियों को नशे एवं ड्रग्स के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए सतर्क, स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों को नशा-मुक्त एवं खुशहाल जीवन जीने के लिए अनेक प्रेरक सुझाव दिए।
अणुव्रत समिति, कटक के अध्यक्ष श्री संतोष जी सिंघी ने विद्यार्थियों को अणुव्रत आंदोलन के उद्देश्यों एवं मूल्यों से परिचित कराया तथा विद्यालय की प्रिंसिपल एवं शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अणुव्रत समिति की ओर से विद्यालय के डीन एवं वाइस प्रिंसिपल का उत्तरीय, अणुव्रत डायरी व कैलेंडर भेंट कर सम्मान किया गया। वहीं विद्यालय प्रबंधन द्वारा सुश्री निहारिका सिंघी को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विद्यालय प्रशासन ने अणुव्रत समिति, कटक के प्रति इस बहुउपयोगी एवं जागरूकता से भरपूर कार्यशाला के सफल आयोजन हेतु हार्दिक आभार व्यक्त किया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
