-
रथयात्रा की तैयारियों और श्रीजगन्नाथ संस्कृति के संरक्षण पर हुई चर्चा, लाखों श्रद्धालुओं के कल्याण की कामना की
पुरी। स्नान पूर्णिमा के पावन अवसर पर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार को पुरी स्थित राजमहल ‘श्रीनाहर’ में पुरी के गजपति महाराज दिव्यसिंह देव से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच आगामी विश्वप्रसिद्ध रथयात्रा की तैयारियों, विभिन्न धार्मिक आयोजनों तथा श्रीजगन्नाथ संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने सामाजिक माध्यम ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा कि पुरी प्रवास के दौरान उन्होंने गजपति महाराज दिव्यसिंह देव से राजमहल में शिष्टाचार मुलाकात की और आगामी रथ यात्रा की तैयारियों सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया।
यह मुलाकात राज्य सरकार और भगवान श्रीजगन्नाथ के प्रथम सेवक गजपति महाराज के बीच बेहतर समन्वय का प्रतीक मानी जा रही है। इसका उद्देश्य आगामी रथयात्रा और अन्य प्रमुख धार्मिक उत्सवों का शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं भव्य आयोजन सुनिश्चित करना तथा श्रीजगन्नाथ संस्कृति के संरक्षण को और मजबूत करना है।
इस अवसर पर पुरी सांसद संबित पात्र, पिपिलि विधायक आश्रित पटनायक तथा पुरी के जिलाधिकारी दिव्यज्योति परिडडा भी मुख्यमंत्री के साथ उपस्थित रहे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
