-
सामाजिक न्याय, सामाजिक सुरक्षा तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा
भुवनेश्वर। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले ने बुधवार को लोक सेवा भवन में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच राज्य में सामाजिक न्याय, सामाजिक सुरक्षा तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में सामाजिक कल्याण कार्यक्रमों को और अधिक व्यापक एवं प्रभावी बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर विशेष बल दिया गया। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा और जनकल्याण से संबंधित योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के बीच पूर्ण सहयोग एवं समन्वय बनाए रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को राज्य सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में उठाए जा रहे विभिन्न कदमों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने मधुबाबू पेंशन योजना के तहत अतिरिक्त छह लाख लाभार्थियों को शामिल करने का निर्णय लिया है, जिससे अधिक जरूरतमंद लोगों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिल सकेगा।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को अतिरिक्त पांच किलोग्राम चावल उपलब्ध कराने की पहल की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित कर रही है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
