Home / Odisha / भत्ते के लिए लोगों का परेशान होना बेहद दुखद : नवीन पटनायक

भत्ते के लिए लोगों का परेशान होना बेहद दुखद : नवीन पटनायक

  •     मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की

भुवनेश्वर। ओडिशा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक ने राज्य में सामाजिक सुरक्षा भत्ते के वितरण में हो रही देरी को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भत्ते के लिए लोगों का परेशान होना अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है।

सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में नवीन पटनायक ने कहा कि भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के बाद भी लाखों लोग पिछले तीन महीनों से अधिक समय से सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत मिलने वाले भत्ते से वंचित हैं, जिससे उन्हें गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भत्ता नहीं मिलने के कारण लोगों के जीवन संकट में पड़ने और मौत तक होने जैसी खबरें मीडिया की सुर्खियां बन रही हैं, जो बेहद चिंताजनक है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने भत्ते की राशि बढ़ाने का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद न केवल यह वादा पूरा नहीं किया गया, बल्कि लाभार्थियों को पहले से मिलने वाला भत्ता भी समय पर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे बुजुर्गों, महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों में निराशा और पीड़ा बढ़ी है।

नवीन पटनायक ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा भत्ते पर निर्भर रहने वाले अनेक लोग आवश्यक दवाइयां तक नहीं खरीद पा रहे हैं, जबकि कुछ लोगों को भूख और अभाव की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब लोगों की कठिनाइयों को लेकर व्यापक चिंता व्यक्त की जा रही है, तब सरकार इस मुद्दे पर मौन क्यों है।

उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से तत्काल हस्तक्षेप करने और लंबित भत्तों के शीघ्र वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही उन्होंने राज्य के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों की सामाजिक सुरक्षा को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।

Share this news

About desk

Check Also

जीवीएचएस के विद्यार्थियों के लिए पांच दिवसीय कौशल विकास प्रशिक्षण शुरू

    पर्यटन एवं आतिथ्य सेवा क्षेत्र में 68 विद्यार्थी ले रहे प्रशिक्षण भुवनेश्वर। ओडिशा …