Home / Odisha / मोदी-मुर्मू की मौजूदगी में मयूरभंज में ऐतिहासिक उत्सव आज

मोदी-मुर्मू की मौजूदगी में मयूरभंज में ऐतिहासिक उत्सव आज

  •     ओडिशा में भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर मनेगा विकास महोत्सव

  •     मौसम विभाग का तीन दिन का अलर्ट भी जारी

  •     राष्ट्रपति के जन्मदिवस पर होगा विशेष कार्यक्रम

  •     47,600 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास

  •     आंधी-तूफान और भारी बारिश की चेतावनी के बीच ओडिशा की ओर देश की नजरें

भुवनेश्वर। ओडिशा में तूफानी मौसम के बीच भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शनिवार को होने वाला कार्यक्रम राज्य के राजनीतिक, विकासात्मक और सामाजिक इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय बनने जा रहा है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक साथ मयूरभंज जिले में मौजूद रहेंगे और राज्य में 47,600 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास किया जाएगा। इस बीच मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक राज्य में गरज-चमक, तेज हवाओं और वर्षा को लेकर चेतावनी जारी कर दी है, जिससे प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क हो गया है।

यह दौरा कई मायनों में विशेष है। पहली बार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर एक ही मंच साझा करेंगे। इसके साथ ही 20 जून राष्ट्रपति मुर्मू का जन्मदिन भी है, जिससे यह कार्यक्रम और अधिक ऐतिहासिक तथा भावनात्मक महत्व प्राप्त कर रहा है।

राष्ट्रपति के पैतृक गांव पहुंचेगी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का दो दिवसीय दौरा शुक्रवार से शुरू हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे रायरंगपुर में नवनिर्मित एम्स सैटेलाइट सेंटर का उद्घाटन करेंगी। इस केंद्र के शुरू होने से मयूरभंज सहित उत्तर ओडिशा के लाखों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी और बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी।

पहाड़पुर गांव पहुंचेगी देश की सर्वोच्च नेतृत्व जोड़ी

शनिवार को राष्ट्रपति मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी मयूरभंज के पहाड़पुर गांव पहुंचेंगे, जो राष्ट्रपति का पैतृक गांव है। यहां दोनों नेता राष्ट्रपति के दिवंगत पति श्याम चरण मुर्मू की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। इसके बाद वे गांव में स्थापित कौशल विकास संस्थान का दौरा करेंगे और उन युवाओं से संवाद करेंगे जिन्हें प्रशिक्षण के बाद रोजगार मिला है। पहाड़पुर स्कूल और अन्य विकास परियोजनाओं का अवलोकन भी कार्यक्रम का हिस्सा रहेगा।

पवित्र उपवनों में पूजा-अर्चना करेंगे

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री सुबह लगभग 11:15 बजे मयूरभंज जिले के पहाड़पुर गांव पहुंचेंगे। यहां वे संथाली जाहेरा और हो जाहेरा जैसे पवित्र उपवनों में पूजा-अर्चना करेंगे। यह दौरा ओडिशा के विकास, बुनियादी ढांचे के विस्तार और जनजातीय क्षेत्रों के समग्र उत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

‘विकास र धारा, ओडिशा सारा’ कार्यक्रम में जुटेगा पूरा ओडिशा

दोपहर लगभग एक बजे राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री रायरंगपुर के डांडबोस मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में शामिल होंगे। “विकास र धारा, ओडिशा सारा” थीम पर आधारित यह कार्यक्रम भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, मंत्रिपरिषद के सदस्य, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर राज्य सरकार की दो वर्षों की उपलब्धियों को दर्शाने वाली विशेष डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें बुनियादी ढांचे, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, ग्रामीण विकास और जनकल्याण योजनाओं में हुए कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा।

47,600 करोड़ की परियोजनाओं से बदलेगा विकास परिदृश्य

इस अवसर पर राज्य के विकास को नई दिशा देने वाली 47,600 करोड़ से अधिक लागत की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। इन परियोजनाओं का सीधा संबंध ऊर्जा, औद्योगिक विकास, परिवहन, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, जल संसाधन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से है।

ऊर्जा क्षेत्र में 600 मेगावाट क्षमता वाली अपर इंद्रावती पंप्ड स्टोरेज परियोजना और आईबी थर्मल पावर स्टेशन की 660-660 मेगावाट क्षमता वाली दो नई इकाइयों की आधारशिला रखी जाएगी। इन परियोजनाओं से राज्य की ऊर्जा उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा उद्योगों को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।

झारसुगुड़ा जिले के लखनपुर में भारत कोल गैसीफिकेशन एंड केमिकल्स लिमिटेड (बीसीजीसीएल) परियोजना का भी शुभारंभ किया जाएगा। यह परियोजना घरेलू कोयले के स्वच्छ और आधुनिक उपयोग को बढ़ावा देने के साथ-साथ बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन का माध्यम बनेगी।

रेल, सड़क, स्वास्थ्य और सिंचाई को मिलेगी नई गति

प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति जिन प्रमुख परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे या जिनकी आधारशिला रखेंगे, उनमें भुवनेश्वर में ठोस अपशिष्ट आधारित संपीड़ित बायोगैस संयंत्र, काठजोड़ी नदी पर नया पुल, राष्ट्रीय राजमार्ग-353 का चार लेन विस्तार, बौध जिले में सड़क चौड़ीकरण परियोजना और कुसुमडीही मेगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना शामिल हैं।

रेलवे क्षेत्र में जखपुरा-जाजपुर केन्दुझर रोड-बैतरणी रोड मल्टी ट्रैकिंग परियोजना तथा हिंडोल रोड-मेरामंडली मल्टी ट्रैकिंग परियोजना राज्य की माल और यात्री परिवहन क्षमता को मजबूत करेंगी।

इसके अलावा बौध जिला मुख्यालय अस्पताल की 300 बिस्तरों वाली नई इमारत, 24 अटल बस स्टैंड, नौ ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन, रायरंगपुर में इग्नू क्षेत्रीय केंद्र, इंडोर बैडमिंटन कॉम्प्लेक्स, खेल परिसर और जनजातीय अनुसंधान केंद्र जैसी परियोजनाएं भी राज्य को समर्पित की जाएंगी।

मौसम विभाग का अलर्ट, 14 जिलों में ऑरेंज चेतावनी

जहां एक ओर राज्य विकास उत्सव की तैयारी में जुटा है, वहीं दूसरी ओर मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए चेतावनी जारी कर दी है। भुवनेश्वर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार ओडिशा में कालबैसाखी जनित गतिविधियां सक्रिय बनी हुई हैं और राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है। शुक्रवार के लिए 14 जिलों में ऑरेंज चेतावनी जारी की गई थी। इसके अलावा 16 जिलों को येलो चेतावनी के दायरे में रखा गया है।

शनिवार को राज्य में येलो अलर्ट रहेगा

मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि आने वाले दिनों में मौसम का अस्थिर मिजाज बना रहेगा। शनिवार को पूरे राज्य में येलो अलर्ट रहने की संभावना है; कई जिलों में आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि वे मौसम से जुड़ी जानकारी पर नज़र रखें और आंधी-तूफान के दौरान ज़रूरी सावधानी बरतें। मौसम विभाग के अनुसार दिन के समय तटीय और दक्षिणी ओडिशा में उमस और गर्मी बनी रहेगी, जबकि शाम के समय कई क्षेत्रों में तेज बारिश और आंधी-तूफान देखने को मिल सकते हैं।

बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव बनने के संकेत

मौसम वैज्ञानिकों ने अगले सप्ताह उत्तर बंगाल की खाड़ी और उससे सटे ओडिशा तट के पास निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना भी जताई है। यदि यह प्रणाली विकसित होती है तो राज्य में वर्षा गतिविधियां और बढ़ सकती हैं। इससे हाल के दिनों में पड़ रही गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन कई क्षेत्रों में जलभराव और परिवहन प्रभावित होने की आशंका भी रहेगी।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …