-
अभाविप का ‘स्टूडेंट एक्सपीरियंस इन इंटर स्टेट लिविंग’ कार्यक्रम जोड़ रहा दिलों और संस्कृतियों को
भुवनेश्वर। पूर्वोत्तर तथा लद्दाख के युवा अब देश के विकास के सक्रिय भागीदार बन रहे हैं और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि अनेक शक्तियां उत्तर पूर्व के राज्यों के छात्रों में देश के प्रति अलगाव की भावना भरने के प्रयास करते रहे हैं। ऐसे में विद्यार्थी परिषद पूर्वोत्तर के छात्र- छात्राओं को देश के अन्य राज्यों के साथ एकात्म कराने के उद्देश्य से गत तीन दशकों से भी अधिक समय से “स्टूडेंट एक्सपीरियंस इन इंटरस्टेट लिविंग’” (सील) कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसी तरह से लद्दाख के छात्र-छात्राओं के लिए स्टूडेंट एक्सपीरियंस इन रीजनल अंडरस्टैंडिंग (सेरू) कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
इन कार्यक्रमों के तहत पूर्वोत्तर तथा लद्दाख के छात्र– छात्राओं के शेष भारत के अन्य राज्यों में टूर कराया जाता है। इस दौरान वे उन राज्यों में परिवारों के साथ रहते हैं। इन राज्यों के प्रमुख लोगों से उन्हें भेंट कराया जाता है तथा प्रमुख स्थानों को दिखाया जाता है। कुछ दिन के इस यात्रा के दौरान उनमें एकात्मता की भावना तेज होती है। अन्य राज्यों के विद्यार्थी पूर्वोत्तर के राज्यों में जाकर वहां के लोगों के घरों में रहते हैं। इस प्रक्रिया के जरिए युवा एक-दूसरे की संस्कृति, संस्कार, भाषा, भोजन और जीवनशैली को करीब से समझ रहे हैं। इससे केवल सांस्कृतिक आदान-प्रदान ही नहीं हो रहा, बल्कि दिलों के रिश्ते भी मजबूत हो रहे हैं। सील कार्यक्रम में शामिल अनेक छात्र अब पूर्वोत्तर के राज्यों में मंत्री, विधायक, प्रशासनिक अधिकारी व अकादमिक क्षेत्र में ऊंचे ऊंचे स्थानों पर है।
अनदेखी को दूर करने का प्रयास
सोलंकी ने कहा कि अभाविप लंबे समय से पूर्वोत्तर भारत की अनदेखी को दूर करने का काम कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि संगठन देश के विभिन्न हिस्सों और पूर्वोत्तर के बीच भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत बना रहा है। उन्होंने कहा कि आज पूर्वोत्तर के युवा देश के विकास, शिक्षा, खेल, तकनीक और सामाजिक नेतृत्व जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
मणिपुर में हुई हिंसा का उल्लेख करते हुए डॉ सोलंकी ने कहा कि अभाविप ने परस्पर विरोधी समुदायों के नेतृत्व को एक मंच पर लाने का प्रयास किया है, ताकि आपसी संवाद और सौहार्द को बढ़ावा मिल सके।
उन्होंने कहा कि संगठन ने पूर्वोत्तर के 90 से अधिक छात्र संगठनों को एक मंच पर लाकर क्षेत्र और देश के विकास पर चिंतन और चर्चा का वातावरण तैयार किया है।
‘पूर्वोत्तर का जेन-जी लिख रहा विकास की नई कहानी’
सोलंकी ने कहा कि पूर्वोत्तर का जेन-जी आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने कहा कि यही युवा आने वाले समय में पूर्वोत्तर और देश के विकास की नई गाथा लिखेंगे। उन्होंने दावा किया कि अभाविप ही ऐसा संगठन है जो लगातार पूर्वोत्तर के युवाओं को राष्ट्रीय मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें नेतृत्व के अवसर देने का काम कर रहा है।
‘सेरू’ ने लद्दाख के छात्रों को दिखाई नई दिशा
सोलंकी ने कहा कि संगठन की सेरू पहल से लद्दाख के छात्र-छात्राओं को नई दिशा और व्यापक राष्ट्रीय अनुभव मिल रहा है। इससे वे भारत की विविध संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक जीवन को करीब से समझ पा रहे हैं। इसलिए “सेरू” केवल एक भ्रमण कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह युवाओं को भारतीय संस्कारों और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का माध्यम बन चुका है। अलग-अलग राज्यों में जाकर छात्र स्थानीय परिवारों, शिक्षा संस्थानों और सामाजिक गतिविधियों से जुड़ते हैं। इससे उनमें राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक समझ का विकास हो रहा है।
युवाओं के व्यक्तित्व विकास पर विशेष फोकस
अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें देश की विविधता को समझने का अवसर मिलता है। इससे युवाओं में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच का विकास होता है।
राष्ट्रीय एकता को मिल रही मजबूती
विभिन्न राज्यों के युवाओं के बीच आपसी संवाद और सांस्कृतिक आदान-प्रदान से “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना मजबूत हो रही है। आज के युवा केवल शिक्षा तक सीमित नहीं रहना चाहते, बल्कि वे देश की संस्कृति, इतिहास और सामाजिक विविधता को भी समझना चाहते हैं। ऐसे कार्यक्रम उन्हें व्यापक दृष्टिकोण और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा दे रहे हैं। छात्र-छात्राएं अब प्रगति और आत्मविकास के नए रास्तों पर आगे बढ़ रहे हैं। अभाविप का उद्देश्य युवाओं को केवल अकादमिक रूप से नहीं, बल्कि सामाजिक और राष्ट्रीय स्तर पर भी सशक्त बनाना है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
