-
शपथ ग्रहण समारोह में नई टीम ने संभाली जिम्मेदारी, सामाजिक कार्यों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प
भुवनेश्वर। मंचेश्वर स्थित स्थानीय ला फिएस्टा कन्वेंशन हॉल में आयोजित भव्य समारोह में मारवाड़ी युवा मंच भुवनेश्वर की नई कार्यकारिणी ने वर्ष 2026-27 के लिए शपथ ग्रहण किया। संगठन के ऊर्जावान युवा सदस्य विनीथ अग्रवाल को नए अध्यक्ष पद की शपथ दिलाई गई। विनीत अग्रवाल मारवाड़ी समाज के वरिष्ठ सदस्य स्वर्गीय नानूराम अग्रवाल के छोटे पुत्र हैं।
विनीथ अग्रवाल के साथ सचिव पद के लिए शीतल सिंघानिया, कोषाध्यक्ष पद के लिए अनीश अग्रवाल तथा पूरी नई टीम को अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश जैन ने शपथ दिलाई। कार्यक्रम में सुरेश जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
समारोह को संबोधित करते हुए तत्कालीन अध्यक्ष जगमोहन पेरिवाल ने अपने कार्यकाल के दौरान किए गए सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यों की जानकारी साझा की। उन्होंने विशेष रूप से जगन्नाथ पुरी में आयोजित “मारूड़ी ऊर्जा” कार्यक्रम का उल्लेख किया, जिसकी पूरे देश में व्यापक चर्चा रही। इस महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम में देशभर से 400 से अधिक महिला सदस्यों ने भाग लिया था। कार्यक्रम की सफलता के बाद भुवनेश्वर युवा मंच और अध्यक्ष जगमोहन पेरिवाल की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर बनी।
कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष हरीश अग्रवाल ने मंच द्वारा वर्षभर चलाए जाने वाले सामाजिक प्रकल्पों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संगठन लगातार ब्लड डोनेशन कैंप, डेड बॉडी वैन सेवा, अमृत धारा पानी मशीन एवं हेल्थ चेकअप कैंप जैसे जनहितकारी कार्यों का संचालन करता रहा है। उन्होंने नई टीम को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन देते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से भुवनेश्वर युवा मंच को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।
समारोह में मारवाड़ी युवा मंच ओडिशा प्रांत के महामंत्री चेतन टिबड़ेवाल, मारवाड़ी सोसाइटी भुवनेश्वर के अध्यक्ष संजय लाठ, अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के पूर्व उपाध्यक्ष अक्षय खंडेलवाल, मारवाड़ी महिला समिति भुवनेश्वर की अध्यक्ष मंजू अग्रवाल, मधुकुंज के सज्जन अग्रवाल, वरिष्ठ समाजसेवी लालचंद मोहता, दिलीप खंडेलवाल, महेंद्र गुप्ता, प्रकाश भुरा, शुभकरण भुरा सहित मारवाड़ी समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान नई टीम ने समाज सेवा, युवा सशक्तिकरण और सामाजिक एकजुटता को और अधिक मजबूत करने का संकल्प लिया। समारोह का माहौल उत्साह, ऊर्जा और सामाजिक समर्पण से भरपूर रहा। मंच का कुशल संचालन आकाश झुनझुनवाला ने किया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal


