-
आरोपियों में 28 महिलाएं शामिल
-
सड़क जाम और सरकारी वाहन तोड़फोड़ के मामले में कार्रवाई
बारिपदा। मयूरभंज जिले में एक आदिवासी लड़की के साथ दुर्व्यहार के मामले में सड़क पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर हमले किए गए तथा वाहन को भी नुकसान पहुंचा गया। सड़क जाम और हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 34 लोगों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया है। इन आरोपियों में 28 महिलाएं और 6 पुरुष शामिल हैं।
यह घटना बहलदा ब्लॉक के टिरिंग थाना क्षेत्र के सनापोसी गांव में हुई थी। बताया गया है कि पास के बिंझुआ गांव के एक युवक पर एक नाबालिग आदिवासी लड़की के साथ कथित दुर्व्यवहार का आरोप लगा था। लड़की रायमत बास्के, जो प्लस-2 की छात्रा है, आदिवासी होली (बहापर्व) के अवसर पर अपने रिश्तेदारों से मिलने आई थी।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस को सूचना दी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जदुनाथ जेना, एसडीपीओ वीरेंद्र सेनापति, टिरिंग थाना प्रभारी प्रशांत कुमार जेना और बहलदा थाना प्रभारी भास्कर चंद्र प्रधान मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर अड़े रहे।
सैकड़ों ग्रामीणों, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं, ने झराडीही चौक के पास बहलदा बाइपास राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने कुछ पीड़ित युवतियों को चारपाइयों पर लाकर सड़क पर बैठा दिया, जिससे यातायात ठप हो गया।
बताया गया है कि बातचीत के दौरान एक प्रदर्शनकारी और पुलिस के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई। भीड़ ने लाठियों और डंडों से पुलिस पर हमला कर दिया, जबकि कुछ महिलाओं ने पत्थरबाजी की। इस दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
प्रदर्शनकारियों ने मजिस्ट्रेट ड्यूटी पर मौजूद बहलदा तहसीलदार के वाहन को पलटकर क्षतिग्रस्त भी कर दिया। इसके बाद तिरिंग थाने में 60 से अधिक लोगों के खिलाफ दंगा, सरकारी कर्मियों पर हमला और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने शनिवार को 34 आरोपियों को अदालत में पेश किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले में आगे भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए आश्वासन दिया है कि नाबालिग के साथ कथित दुर्व्यवहार के मूल आरोपी के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
