-
बेंगलुरु दौरे को लेकर बयानबाजी तेज
भुवनेश्वर। ओडिशा में राज्यसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल के बीच कांग्रेस के विधायकों के बेंगलुरु दौरे को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस विधायक दल के नेता राम चंद्र काडाम ने कहा कि पार्टी के 9 विधायक बेंगलुरु गए हैं, जहां वे राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात करेंगे।
कडम ने आरोप लगाया कि भाजपा कांग्रेस विधायकों को प्रलोभन देने की कोशिश कर रही है और हॉर्स ट्रेडिंग को लेकर चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि उन्होंने कहा कि पार्टी के विधायक सुरक्षित हैं और किसी भी तरह की क्रॉस-वोटिंग नहीं करेंगे। उन्होंने यह भी भरोसा जताया कि राज्य में मौजूद अन्य पांच कांग्रेस विधायक भी पार्टी लाइन के खिलाफ मतदान नहीं करेंगे।
कांग्रेस विधायकों के दौरे पर सोफिया फिरदौस की नाराजगी
वहीं कांग्रेस विधायक सोफिया फिरदौस ने विधायकों के इस दौरे पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में जानकारी मीडिया के जरिए मिली। उन्होंने सवाल उठाया कि विधायकों के बाहर जाने की आवश्यकता क्या थी।
सोफिया ने कहा कि वे जनता द्वारा चुनी गई प्रतिनिधि हैं और कटक जैसे शहर से आती हैं, लेकिन उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी गई।
तारा प्रसाद वाहिनीपति ने बताया निजी दौरा
इस बीच कांग्रेस विधायक तारा प्रसाद वाहिनीपति ने कहा कि पार्टी के नौ विधायक अपनी इच्छा से घूमने के लिए गए हैं और दो दिन बाद वापस लौट आएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस दौरे के पीछे कोई राजनीतिक उद्देश्य नहीं है।
वाहिनीपति ने कहा कि उन्हें अपने विधायकों पर पूरा भरोसा है और वे किसी भी तरह के हॉर्स ट्रेडिंग में शामिल नहीं होंगे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
