Home / Odisha / हिंदू संगठित होंगे तो राष्ट्र सशक्त बनेगा – डॉ अनिल
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

हिंदू संगठित होंगे तो राष्ट्र सशक्त बनेगा – डॉ अनिल

  •    बालेश्वर जिले में विभिन्न स्थानों पर विशाल हिंदू सम्मेलन

भुवनेश्वर। जो व्यक्ति कभी अपने निजी स्वार्थ के लिए कार्य नहीं करता, वही सच्चा हिंदू होता है। इसी भावना को व्यक्त करते हुए उत्कलमणि पंडित गोपबंधु दास ने कहा था- निज स्वार्थ लागि जातनुहें हिंदू, विश्वे हिते तार प्रति रक्त बिंदु। अर्थात अपने हित के लिए हिन्दू का जन्म नहीं हुआ है। पूरे विश्व के हित व कल्याण के लिए हिन्दू का जन्म हुआ है। हिंदू समाज के संगठित होने से ही राष्ट्र सशक्त बन सकता है। भारतवर्ष का नाम ही हिंदुस्तान है, इसलिए हम सभी हिंदू हैं। परंतु दूसरों के हित में कार्य करते-करते अपने अस्तित्व को खो देना भी किसी के लिए स्वीकार्य नहीं हो सकता। ऐसे में आज समय की मांग है कि हिंदू समाज संगठित हो और अपने गौरवशाली इतिहास व खोए हुए वैभव को पुनः स्थापित करे।

यह विचार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्कल पूर्व प्रांत के कार्यवाह डॉ अनिल कुमार मिश्र ने व्यक्त किए। वे रविवार को बालेश्वर जिले के स्थानीय कुरुड़ा हाट मैदान में आयोजित विशाल हिंदू सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित कर रहे थे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नागाबाबा दिवाकर महाराज, विशिष्ट अतिथियों के रूप में समाजसेवी सोमनाथ सेठी, कारगिल शहीद गंगाराम दास के पिता श्यामसुंदर दास, कार्यक्रम संयोजक एवं कुरुड़ा ग्राम समिति के अध्यक्ष प्रशांत महापात्र, तथा आरएसएस बालेश्वर नगर के कार्यवाह रमेश महाकुड़ मंचासीन थे।

प्रातःकाल स्थानीय चंदन पोखरी से 108 कलशों की शोभायात्रा, हवन-यज्ञ एवं नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। इसके पश्चात स्थानीय विद्यालयों एवं सरस्वती शिशु मंदिर अंगारगढ़िया के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम के अंत में 5,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

इसी क्रम में भीमपुरा टीवी सेंटर मैदान में आयोजित हिंदू सम्मेलन में त्रिवेणी आश्रम के संत एवं विश्व हिंदू परिषद धर्मप्रसार विभाग (रेमुणा खंड) के संत संपर्क प्रमुख बाबा दयानंद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता के रूप में विश्व हिंदू परिषद के ओडिशा पूर्व प्रांत संगठन मंत्री शरत कुमार प्रधान ने संबोधन दिया। विशिष्ट अतिथि के रूप में पंडित जिला गायत्री परिवार के संयोजक बलराम जेना, पर्यावरणविद मनोज खंडा, तथा कार्यक्रम संयोजक युगल किशोर राठी मंच पर उपस्थित थे।

इस अवसर पर रामेश्वर मंदिर से कलश शोभायात्रा भीमपुरा ग्राम परिक्रमा करते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंची। इसके बाद यज्ञ, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं प्रसाद वितरण के साथ सम्मेलन का समापन हुआ।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …