-
राम के जीवन चरित्र सुनकर भाव विभोर हुए लोग

संबलपुर। रेमेड़ चौक स्थित जालान स्टेट भगवान श्रीराम के रंग में रंग गया है। पिछले 7 जनवरी से स्टेट में श्रीराम कथा का शुभारंभ किया गया है। कथा में परम पूज्य दीदी मां साध्वी ऋतंभरा बतौर कथावाचक शामिल हुई हैं। उन्होंने अपने शुभ मुखर से भगवान श्री राम के जीवन चरित्र, राम भक्ति, राष्ट्रीयता एवं गुरू महिमा का विस्तारित व्याख्यान आरंभ किया है, जो लोगों को बेहद पसंद आ रहा है। पहले दिन रामकथा सुनने जालान स्टेट में हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी। लोगों ने अपने अराध्य के जीवन चरित्र को पूरे भक्तिभाव से सुना और उसे अपने जीवन में उतारने का प्रण लिया।

एकल अभियान एवं श्री हरि कथा सत्संग समिति की ओर से आयोजित इस अध्यात्म कार्यक्रम के उदघाटन समारोह में एकल संबलपुर के प्रभारी चंद्र कुमार सराफ, अशोक कुमार जालान एवं प्रमोद कुमार शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर इस अध्यात्म कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष तथा कालाहांडी सांसद बसंत पंडा, बरगढ़ सांसद सुरेश पुजारी, स्वामी जीवन भुक्ता नंद जी, प्रांतीय संघ चालक ओडिशा बिपिन नंद एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष अश्विनी षडंगी ने उपस्थित होकर साध्वी ऋतंभरा का आशीर्वाद लिया। एकल अभियान एवं श्री हरि कथा सत्संग समिति की ओर से पधारे श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। गौरतलब हे कि रामकथा का यह आयोजन आगामी 13 जनवरी तक यथावत चलता रहेगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
