-
कहा-भाजपा शासन में मप्र स्वास्थ्य सेवाओं में पिछड़ा
भोपाल। मध्य प्रदेश में जैसे जैसे विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है वैसे वैसे बयानबाजी का सियासी पारा तेजी से चढ़ता जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने शिवराज सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली के लिए जिम्मेदार ठहराया है। इसके साथ ही उन्हाेंने प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर स्वास्थ्य का अधिकार कानून बनाये जाने का एलान किया है।
कमलनाथ ने गुरूवार को सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर कहा शिवराज जी ने अपने 18 साल के कार्यकाल में मध्य प्रदेश को स्वास्थ्य सेवाओं के मामले में देश के सबसे पिछड़े राज्यों में शामिल कर दिया है। यहां बीमार और गर्भवती महिलाओं को एंबुलेंस नहीं मिलती, आयुष्मान कार्ड धारकों को इलाज नहीं मिलता, मृतकों का उपचार दिखाकर घोटाला किया जाता है और व्यापम तथा नर्सिंग कॉलेज जैसे घोटालों से प्रदेश की छवि खराब की जाती है।
कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने इन हालात को बदलने का संकल्प लिया है। प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनते ही हम स्वास्थ्य का अधिकार कानून बनायेंगे। प्रदेश के नागरिकों के लिए वरदान स्वास्थ्य बीमा योजना प्रारंभ करेंगे, जिसमें परिवार सहित 25 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा एवं 10 लाख का दुर्घटना बीमा शामिल रहेगा। स्वस्थ मध्यप्रदेश, खुशहाल मध्यप्रदेश।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
