नई दिल्ली। दुनिया के सबसे अमीर उद्योगपति एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक को भारत में सैटेलाइट इंटरनेट सेवाएं संचालित करने का दूरसंचार विभाग (डॉट) का लाइसेंस मिल गया है। स्टारलिंक को अब सिर्फ इंडियन नेशनल स्पेस प्रमोशन एंड ऑथराइजेशन सेंटर (IN-SPACe) के अप्रूवल का इंतजार है।
आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक को सरकार से जरूरी लाइसेंस मिल गया है। दूरसंचार विभाग ने स्टारलिंक को ग्लोबल मोबाइल पर्सनल कम्युनिकेशन बाय सैटेलाइट (जीएमपीसीएस) लाइसेंस दिया है। इस लाइसेंस के मिलने से स्टारलिंक भारत में सैटेलाइट इंटरनेट सेवा शुरू कर पाएगी। भारती एयरटेल-यूटेलसैट की वनवेब और रिलायंस जियो के बाद स्टारलिंक तीसरी कंपनी है, जिसे यह लाइसेंस मिला है।
इससे एक दिन पहले गुरुवार को केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बताया था कि जल्द ही स्टारलिंक सैटकॉम लाइसेंस दिया जा सकता है, इसके लिए प्रक्रिया चल रही है। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि अब स्पेक्ट्रम का आवंटन होगा। इसके बाद बड़े पैमाने पर सेवाएं शुरू हो सकेंगी, जिससे भारत में ग्राहकों की संख्या बढ़ेगी।
उल्लेखनीय है कि स्टारलिंक 2021 से ही भारतीय बाजार में आना चाहती थी। लेकिन, कुछ नियमों के कारण कंपनी को पहले अपने प्रयास रोकने पड़े थे। इसके साथ ही प्री-ऑर्डर के पैसे भी वापस करने पड़े थे।
साभार – हिस
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
