नई दिल्ली। वेल्डिंग इलेक्ट्रोड्स, फ्लेक्स कोर्ड वायर और वेल्डिंग कंज्यूमेबल्स बनाने वाली कंपनी रॉयलआर्क इलेक्ट्रोड्स ने सोमवार को स्टॉक मार्केट में फीकी लिस्टिंग करके अपने आईपीओ निवेशकों को काफी निराश किया। आईपीओ के तहत कंपनी ने 120 रुपये के भाव पर शेयर जारी किए थे। आज नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के एसएमई प्लेटफॉर्म पर इसकी लिस्टिंग भी बिना किसी उतार-चढ़ाव के 120 रुपये के स्तर पर ही हुई। हालांकि लिस्टिंग के बाद खरीदारी का सपोर्ट मिलने के कारण इस शेयर के भाव में तेजी आ गई। दोपहर 12 बजे तक का कारोबार होने के बाद कंपनी के शेयर 121.05 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहे थे।
रॉयलआर्क इलेक्ट्रोड्स का 36 करोड़ रुपये का आईपीओ 14 से 18 फरवरी के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों की ओर से एवरेज रिस्पॉन्स मिला था, जिसके कारण ये ओवरऑल 1.61 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इनमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) के लिए रिजर्व पोर्शन 1.04 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसी तरह नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (एनआईआई) के लिए रिजर्व पोर्शन में 0.92 गुना सब्सक्रिप्शन आया था। इसके अलावा रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व पोर्शन 2.21 गुना सब्सक्राइब हुआ था।
इस आईपीओ के तहत 21.60 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए गए हैं। इसके अलावा 10 रुपये फेस वैल्यू वाले 12 लाख शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बेचे गए हैं। आईपीओ के जरिए जुटाए गए पैसे का इस्तेमाल कंपनी अपनी मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी का विस्तार करने, वर्किंग कैपिटल की जरूरत को पूरा करने और आम कॉर्पोरेट उद्देश्यों में करेगी।
कंपनी की वित्तीय स्थिति की बात करें तो प्रॉस्पेक्टस में किए गए दावे के मुताबिक इसकी वित्तीय सेहत लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2021-22 में कंपनी को 2.12 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था, जो अगले वित्त वर्ष 2022-23 में बढ़कर 9.57 करोड़ और 2023-24 में 11.93 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का राजस्व 24 प्रतिशत वार्षिक से अधिक की चक्रवृद्धि दर से बढ़ कर 100.99 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष की पहली छमाही यानी अप्रैल से सितंबर 2024 के बीच कंपनी को 3.18 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हो चुका है। इसी तरह इस अवधि में कंपनी 46.06 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल कर चुकी है।
साभार – हिस
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
