नई दिल्ली। देश के वस्तुओं का निर्यात नवंबर में 4.85 फीसदी घटकर 32.11 अरब डॉलर रहा है। पिछले साल इसी महीने में 33.75 अरब डॉलर का निर्यात हुआ था। वहीं, नवंबर में आयात 27 फीसदी बढ़कर 69.95 अरब डॉलर पर पहुंच गया है, जबकि एक साल पहले इसी महीने में यह 55.06 अरब डॉलर रहा था। इस तरह नवंबर में व्यापार घाटा (आयात और निर्यात) के बीच का अंतर बढ़कर 37.84 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया है।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने सोमवार को जारी आंकड़ों में बताया कि देश के वस्तुओं का निर्यात नवंबर में 4.85 फीसदी घटकर 32.11 अरब डॉलर रहा है। इससे पिछले महीने अक्टूबर में भारत का वस्तुओं का निर्यात 17.25 फीसदी बढ़कर 39.2 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया था। वहीं, नवंबर के लिए भारत का कुल निर्यात (वस्तुएं और सेवाएं संयुक्त) 67.79 अरब यूएस डॉलर होने का अनुमान है, जो नवंबर 2023 की तुलना में 9.59 फीसदी की सकारात्मक वृद्धि दर्ज करता है।
मंत्रालय के मुताबिक चालू वित्त वर्ष 2024-25 में अप्रैल-नवंबर के दौरान देश का निर्यात 2.17 फीसदी बढ़कर 284.31 अरब डॉलर और आयात 8.35 फीसदी बढ़कर 486.73 अरब डॉलर हो गया है। वहीं, अप्रैल-नवंबर 2024 के दौरान देश का संचयी समग्र निर्यात 536.25 अरब अमेरिकी डॉलर होने का अनुमान है।
साभार -हिस
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
