-
काकटपुर विधायक ने लगाए गंभीर आरोप
-
कहा-विकासित गांव, विकासित ओडिशा योजना के तहत स्वीकृत नौ विकास परियोजनाओं में मनमाना बदलाव किया
भुवनेश्वर। ओडिशा विधानसभा में अस्तरंग की प्रखंड विकास अधिकारी (बीडीओ) सस्मिता बेहरा के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का मामला उठाया गया है। काकटपुर के विधायक तुषारकांति बेहरा ने बीडीओ के खिलाफ विधानसभा में विशेषाधिकार हनन का नोटिस पेश किया है। मामला विकासित गांव, विकासित ओडिशा (बीजीबीओ) योजना के तहत स्वीकृत विकास परियोजनाओं में कथित तौर पर मनमाने ढंग से बदलाव किए जाने से जुड़ा है।
विधायक की शिकायत के अनुसार, उनके आधिकारिक प्रस्ताव और अनुशंसा के आधार पर चयनित एवं स्वीकृत नौ जनकल्याणकारी परियोजनाओं में बीडीओ ने एकतरफा बदलाव कर दिया। विधायक ने आरोप लगाया कि इन बदलावों के लिए अधिकारी ने गलत और भ्रामक कारणों का सहारा लिया तथा उन्हें न तो इसकी पूर्व सूचना दी गई और न ही इस संबंध में कोई विचार-विमर्श किया गया।
जिला परिषद के मुख्य विकास अधिकारी ने पहले ही लगाई थी रोक
विशेषाधिकार हनन के नोटिस में यह भी उल्लेख किया गया है कि पुरी जिला परिषद के मुख्य विकास अधिकारी सह कार्यकारी अधिकारी (सीडीओ-कम-ईओ) ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए संशोधित परियोजनाओं के क्रियान्वयन पर तत्काल रोक लगाने और संबंधित बिलों के भुगतान को स्थगित करने का आदेश दिया था।
इसके बावजूद स्वीकृत विकास कार्यों में किए गए एकतरफा बदलाव को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के अधिकारों के बीच विवाद खड़ा हो गया है।
विधायक बोले- बदलाव की जरूरत थी तो देनी चाहिए थी जानकारी
विधायक तुषारकांति बेहरा ने कहा कि जनकल्याण के लिए स्वीकृत विकास परियोजनाओं में मनमाने ढंग से बदलाव करना लोकतांत्रिक जवाबदेही को प्रभावित करता है। यदि किसी स्वीकृत परियोजना में बदलाव की वास्तविक आवश्यकता थी तो बीडीओ को इसके उचित कारण बताने चाहिए थे और स्थानीय विधायक को इसकी जानकारी देनी चाहिए थी।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कोई सरकारी अधिकारी निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं की अनदेखी करते हुए निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बिना जानकारी दिए अपनी मर्जी से विकास कार्यों में बदलाव कर सकता है?
विशेषाधिकार समिति से निष्पक्ष जांच की मांग
विधायक ने विधानसभा की विशेषाधिकार समिति से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि स्वीकृत विकास परियोजनाओं में जानबूझकर बदलाव किए जाने के आरोप प्रमाणित होते हैं तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
इस मामले में अब विधानसभा की विशेषाधिकार समिति की जांच और आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
