Home / Odisha / कटक के मुंगली में स्थापित होगी सेमीकंडक्टर फैक्ट्री

कटक के मुंगली में स्थापित होगी सेमीकंडक्टर फैक्ट्री

  •     एससीबी मेडिकल कॉलेज का होगा विस्तार : मुख्यमंत्री

  •     राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मौजूदगी ने बालियात्रा को बनाया ऐतिहासिक आयोजन

  •     मुख्यमंत्री ने बाली और कटक के प्राचीन सांस्कृतिक संबंधों को किया रेखांकित

कटक। ऐतिहासिक बालियात्रा के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने ओडिशा के विकास की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि कटक के मुंगली के आसपास सेमीकंडक्टर फैक्ट्री स्थापित की जाएगी। इससे राज्य में औद्योगिक विकास को नई गति मिलने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। इसके अलावा कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का विस्तार किया जाएगा, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की गरिमामयी उपस्थिति ने इस वर्ष की बालियात्रा को ऐतिहासिक बना दिया है। राष्ट्रपति का इस आयोजन में शामिल होना ओडिशा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक परंपराओं के लिए गौरव का विषय है।

समारोह में मंच पर उपस्थित बाली (इंडोनेशिया) से आए अतिथियों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने कटक और बाली के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक संबंधों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ओडिशा के साधबों की समुद्री यात्राओं ने भारत और दक्षिण-पूर्व एशिया के बीच व्यापारिक ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक संबंधों को भी मजबूत किया था। बोइत बंदाण परंपरा इसी गौरवशाली इतिहास की जीवंत पहचान है।

मुख्यमंत्री ने बाली के लोगों और वहां के प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने आज भी भारतीय संस्कृति, परंपराओं और विरासत को संजोकर रखा है। यह दोनों क्षेत्रों के बीच आत्मीय संबंधों का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि बालियात्रा केवल एक व्यापारिक मेले तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ओडिशा की पहचान, साहसिक समुद्री इतिहास, उद्यमशीलता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है। राज्य सरकार ओडिशा की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने के साथ आधुनिक विकास और औद्योगिक निवेश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Share this news

About desk

Check Also

अमित शाह का ओडिशा दौरा रद्द

    पुरी में पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक भी स्थगित     29 नवंबर …