Home / Odisha / अतीत से प्रेरणा लें, वर्तमान को गढ़ें और भविष्य उज्ज्वल बनाएं : राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

अतीत से प्रेरणा लें, वर्तमान को गढ़ें और भविष्य उज्ज्वल बनाएं : राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

  •  भारत की प्रथम नागरिक ने कटक में बालियात्रा महोत्सव 2026 का किया शुभारंभ

  •   बालियात्रा में शामिल होने वाली पहली राष्ट्रपति बनीं

कटक। अतीत के गौरव से गौरवान्वित होना, पर्व-त्योहार मनाना अच्छी बात है। लेकिन, हमें अतीत से प्रेरणा लेकर वर्तमान को संवार कर भविष्य को उज्ज्वल बनाना चाहिए। हमारी युवा पीढ़ी को, विशेषकर, हमारे वणिकों के साहस और दक्षता से काफी कुछ सीखना है।

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज कटक में आयोजित बालियात्रा महोत्सव-2026 का शुरभारंभ करते हुए उक्त बातें कहीं। वह बालियात्रा में शामिल होने वाली पहली राष्ट्रपति बनीं।

इस अवसर पर अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने कहा कि बालियात्रा एक न्‍यारा पर्व है जो ओडिशा के गौरवमय इतिहास का गुणगान करता है। समुद्री व्यापार का इतिहास एक परंपरा में परिवर्तित हो गया है, और इसी परंपरा ने एक पर्व का रूप ले लिया है। यह ओडिशावासियों की सृजनशीलता और इतिहास-दृष्टि दोनों को प्रतिबिंबित करता है।

ओड़िशा के वणिकों ने नए-नए जलमार्गों का आविष्‍कार किया

राष्ट्रपति ने कहा कि ओड़िशा के वणिक वाणिज्‍य-व्‍यापार करने के लिए सुदूर देशों की यात्रा करते थे। व्यापार के जरिए उन्होंने देश के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए। उन्‍होंने नए-नए जलमार्गों का आविष्‍कार किया और अंतर्राष्‍ट्रीय संबंधों को सुदृढ़ किया। वे सांस्कृतिक आदान-प्रदान का माध्यम भी बने।

राष्ट्रपति ने कहा कि ओडिशा और बाली के बीच के ऐतिहासिक संबंधों को आधुनिक वाणिज्‍यिक और सांस्कृतिक सहयोग में परिणत किया जा सकता है। उन्होंने यह जानकर प्रसन्‍नता व्‍यक्‍त की कि इंडोनेशिया के सांस्कृतिक दल इस ‘बालियात्रा’ में भाग ले रहे हैं।

बाली में दो दिनों तक मन रहा ओडिशा पर्व

बाली में दो दिनों तक ‘ओडिशा पर्व’ मनाया जा रहा है, जिसमें ओडिशा के नृत्‍य-संगीत, हथकरघा, हस्‍तशिल्‍प और पारंपरिक खान-पान प्रदर्शित किए जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के सांस्‍कृतिक आदान-प्रदान से भारत और इंडोनेशिया के बीच आपसी संबंध और भी घनिष्‍ठ होंगे।

अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की प्रतिष्‍ठा बढ़ी

राष्ट्रपति ने कहा कि ‘विकसित भारत’ का निर्माण करना हमारा राष्ट्रीय लक्ष्य है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की प्रतिष्‍ठा बढ़ी है। दुनिया के कई हिस्सों में अशांति है और वैश्विक अर्थव्‍यवस्‍था में अस्थिरता है। इसके बावजूद भारत की अर्थ-व्यवस्था मज़बूत बनी हुई है। यह विकसित भारत बनने की दिशा में हमारी यात्रा के लिए एक शुभ संकेत है।

बड़ी संख्‍या में निवेशक राज्‍य की ओर आकर्षित

राष्ट्रपति को यह जानकर प्रसन्‍नता हुई कि ओडिशा एक औद्योगिक केंद्र के रूप में उभर कर सामने आ रहा है और बड़ी संख्‍या में निवेशक राज्‍य की ओर आकर्षित हो रहे हैं। ओडिशा में उद्यमी, कारीगर, बुनकर और युवा पीढ़ी अपनी दक्षता और उद्यम के जरिये राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रहे हैं। उन सब का बढ़ता योगदान विकसित ओडिशा के विजन को साकार करने की दृष्टि से एक शुभ संकेत है। इस मौके पर ओडिशा के राज्यपाल ब्रज मोहन राम तथा मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी समेत कई गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही।

Share this news

About desk

Check Also

अमित शाह का ओडिशा दौरा रद्द

    पुरी में पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक भी स्थगित     29 नवंबर …