Home / Odisha / चक्रवात की आशंका के बीच गंजाम में अलर्ट

चक्रवात की आशंका के बीच गंजाम में अलर्ट

  •  घोड़ाहड़ा और बाघलाटी बांध के गेट खोले गए

  •  भारी बारिश की आशंका को देखते हुए प्रशासन का एहतियाती कदम

  •  दोनों जलाशयों से नियंत्रित तरीके से छोड़ा जा रहा पानी

ब्रह्मपुर। बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवाती मौसम तंत्र और ओडिशा के तटीय एवं दक्षिणी जिलों में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए गंजाम जिला प्रशासन ने बाढ़ नियंत्रण के लिए एहतियाती कदम उठाए हैं। इसके तहत जिले के दो प्रमुख जलाशयों घोड़ाहड़ा और बाघलाटी बांध के एक-एक गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है।
प्रशासन के अनुसार, संभावित भारी बारिश के दौरान जलाशयों में अतिरिक्त पानी जमा करने के लिए पर्याप्त जगह बनाने के उद्देश्य से रविवार देर रात यह फैसला लिया गया। घोड़ाहड़ा जलाशय का गेट रविवार रात 11 बजकर 30 मिनट पर खोला गया, जबकि बाघलाटी जलाशय का गेट सोमवार रात 12 बजकर 5 मिनट पर खोला गया।
जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों जलाशयों से नियंत्रित तरीके से पानी छोड़ा जा रहा है, ताकि निचले इलाकों में अचानक जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की स्थिति पैदा न हो। वर्तमान में घोड़ाहड़ा जलाशय से प्रति सेकंड 34.77 घन मीटर और बाघलाटी जलाशय से प्रति सेकंड 30.72 घन मीटर पानी छोड़ा जा रहा है।
पानी छोड़े जाने से पहले दोनों जलाशयों में उनकी कुल क्षमता का लगभग 75 प्रतिशत पानी जमा था। प्रशासन ने सोमवार के अंत तक दोनों जलाशयों का जलस्तर घटाकर 60 प्रतिशत तक लाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, ताकि संभावित भारी बारिश के दौरान अतिरिक्त पानी को सुरक्षित रूप से संग्रहित किया जा सके।
इस बीच, सिंचाई विभाग और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी दोनों जलाशयों की स्थिति पर चौबीसों घंटे नजर रख रहे हैं। जलाशयों में पानी के आवक, निकासी और जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। साथ ही निचले इलाकों और जलाशयों के आसपास स्थित गांवों में भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि संभावित बारिश के दौरान जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति से बचा जा सके।
Share this news

About desk

Check Also

धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर भावभीनी श्रद्धांजलि

 उनका त्याग, संघर्ष और बलिदान युगों-युगों तक देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा : गोलक भुवनेश्वर। …